जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम सेंट्रल दुर्गा पूजा समिति की अध्यक्ष, पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां की अध्यक्षता में रविवार को जमशेदपुर परिसदन सभागार में हुई बैठक में शारदीय दुर्गा पूजा 2026 के सफल, शांतिपूर्ण एवं भव्य आयोजन पर विचार-विमर्श हुआ. बैठक की शुरुआत दुर्गा स्तुति के साथ हुई. पटमदा के जिला परिषद् सदस्य सह समिति के वरीय उपाध्यक्ष खगेन चंद्र महतो के स्वागत भाषण के साथ बैठक की कार्यवाही आरंभ हुई. समिति के महासचिव ललन यादव ने वर्ष 2025 में सम्पन्न शारदीय दुर्गापूजा सहित अन्य सार्वजनिक पर्व-त्योहारों के दौरान समिति द्वारा किए गए सहयोग एवं रचनात्मक कार्यों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया. उन्होंने बताया कि पूर्वी सिंहभूम जिले में आयोजित प्रमुख पर्व-त्योहारों, जैसे रामनवमी, जगन्नाथ रथ यात्रा, छठ एवं दीपावली आदि के अवसर पर जिला प्रशासन को विधि-व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था संधारण में समिति द्वारा पूर्ण सहयोग प्रदान किया गया. बैठक में समिति के कोषाध्यक्ष जितेन्द्र कुमार सिंह ने आय-व्यय का विस्तृत लेखा-जोखा प्रस्तुत किया. (नीचे भी पढ़ें)

बैठक में पूर्वी सिंहभूम जिले के धालभूम एवं घाटशिला अनुमंडलों के अंतर्गत आने वाले सभी 11 प्रखंडों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया. बैठक में अनेक महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए गए. सर्वप्रथम घाटशिला एवं धालभूम अनुमंडल के ग्रामीण क्षेत्रों की सार्वजनिक दुर्गा पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन द्वारा अनुज्ञप्ति पत्र (लाइसेंस) निर्गत नहीं किए जाने पर गहरी नाराजगी एवं चिंता व्यक्त की. प्रतिनिधियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कई सार्वजनिक दुर्गा पूजा समितियों द्वारा पिछले कई दशकों से विधिवत एवं शांतिपूर्ण तरीके से पूजा का आयोजन किया जा रहा है. इसके बावजूद बार-बार अनुरोध के बाद भी कई समितियों को अनुज्ञप्ति पत्र प्राप्त नहीं हो सका है. प्रतिनिधियों ने इस समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की. (नीचे भी पढ़ें)
इसके अतिरिक्त बैठक में कई मांगें प्रमुखता से रखी गईं, जिनमें शहरी क्षेत्रों की तर्ज पर ग्रामीण क्षेत्रों की दुर्गा पूजा समितियों को भी सभी आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने, पूजा के दौरान नियमित विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, विधि-व्यवस्था एवं पर्याप्त मात्रा में स्लैग की व्यवस्था कराने, विसर्जन घाटों की मरम्मत, जर्जर सड़कों की मरम्मत, पेड़ों की आवश्यक छंटाई तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने, पूजा एवं विसर्जन के दौरान चलंत चिकित्सा व्यवस्था, अग्निशमन सेवा, यातायात व्यवस्था तथा पर्याप्त संख्या में महिला एवं पुरुष पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति, विसर्जन घाटों पर प्रशिक्षित गोताखोरों एवं मूर्ति विसर्जन के लिए क्रेन की समुचित व्यवस्था कराने, वर्ष 2026 की दुर्गा पूजा के सफल आयोजन के लिए टाटा स्टील, जुस्को, टाटा पावर एवं अन्य कॉर्पोरेट घरानों से सीएसआर मद के तहत दुर्गा पूजा समितियों को आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने का आग्रह करने जैसी मांगें शामिल रहीं. (नीचे भी पढ़ें)
अध्यक्ष दुलाल भुइयां ने अपने संबोधन सभी दुर्गापूजा समितियों को आश्वस्त किया कि पूजा से पूर्व समिति का एक शिष्टमंडल उपायुक्त एवं वरीय प्रशासनिक अधिकारियों से मिल कर पूजा समितियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आवश्यक पहल करेगा. उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कई दशकों से सार्वजनिक दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में आयोजित होती रही है. जिन पूजा समितियों को अब तक अनुज्ञप्ति पत्र प्राप्त नहीं हुआ है, उन्हें अनुज्ञप्ति दिलाने के लिए समिति की ओर से हर संभव प्रयास किया जाएगा. उन्होंने सभी पूजा समितियों से शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में दुर्गा पूजा का आयोजन करने तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने में जिला प्रशासन को पूर्ण सहयोग प्रदान करने की अपील की. (नीचे भी पढ़ें)
बैठक में वरीय उपाध्यक्ष खगेन चंद्र महतो, कोषाध्यक्ष जितेंद्र कुमार, सचिव पवन उपाध्याय, अंकित जवानपुरिया, राकेश साहू, रामस्वरूप यादव, अशोक कुमार सिंह, राखी पालित, श्वेता चक्रवर्ती, सीमा साहू, ज्योति देवी, नंद किशोर ठाकुर, रामबाबू यादव, तापस चटर्जी, मनोज कुमार, कुंज विहार, अशोक कुमार सिंह, डी बोस, कमल यादव, प्रणव नाहा, अमित यादव व अन्य सदस्य शामिल रहे.







