मधेपुरा: मधेपुरा के सुप्रसिद्ध बाबा सिंहेश्वरनाथ मंदिर में सावन की अंतिम सोमवारी के अवसर पर आस्था का भारी सैलाब उमड़ पड़ा, लेकिन इसी अनियंत्रित भीड़ के बीच अचानक भगदड़ मचने से मंदिर परिसर में अफरा-तफरी फैल गई. जलाभिषेक के लिए कतार में लगे श्रद्धालुओं के बीच अचानक धक्का-मुक्की शुरू हो गई, जिसमें कई लोगों के घायल होने की सूचना है. हालांकि, मुस्तैद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थिति को फौरन नियंत्रण में ले लिया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया.सावन की अंतिम सोमवारी होने के कारण अहले सुबह से ही बाबा सिंहेश्वरनाथ के दरबार में दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी थी.(नीचे भी पढ़े)
जलार्पण और पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की कतारें लगातार लंबी होती जा रही थीं और भीड़ का दबाव बढ़ता जा रहा था. इसी दौरान भीड़ बेकाबू हो गई और अचानक धक्का-मुक्की शुरू हो गई. हालात ऐसे बन गए कि लोग खुद को बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, जिससे मंदिर प्रांगण में कुछ समय के लिए दहशत और भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई.फिलहाल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है और मंदिर में पूजा-अर्चना सुचारू रूप से जारी है. प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे किसी तरह की जल्दबाजी न करें और कतार में रहकर सुरक्षाकर्मियों के निर्देशों का पालन करें.




