जमशेदपुर: जमशेदपुर के जुगसलाई इलाके में बुधवार को लगे लंबे जाम ने शहर की ट्रैफिक व्यवस्था की पोल खोल दी. सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लगने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. जाम की स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि मरीज को लेकर जा रही एंबुलेंस भी इसमें फंस गई. एंबुलेंस को आगे बढ़ने के लिए पर्याप्त रास्ता नहीं मिल सका. एंबुलेंस के जाम में फंसने से मरीज की जान पर खतरा बन सकता है. आपात स्थिति में एक-एक मिनट बेहद महत्वपूर्ण होता है. (नीचे भी पढ़े)
ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि यदि जाम के कारण किसी एंबुलेंस को अस्पताल पहुंचने में देरी हो जाए और मरीज की हालत बिगड़ जाए, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी?स्थानीय लोगों का कहना है कि जुगसलाई में अक्सर जाम की समस्या बनी रहती है. सड़क पर वाहनों की बेतरतीब पार्किंग, यातायात दबाव और ट्रैफिक व्यवस्था की कमी के कारण स्थिति और गंभीर हो जाती है. लोगों ने प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस से जाम की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है. अब सवाल यह है कि जुगसलाई में ट्रैफिक व्यवस्था आखिर कब सुधरेगी और आपातकालीन वाहनों के लिए सुगम रास्ता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी कौन उठाएगा?




