गालूडीह : पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने वांछित हार्डकोर भाकपा (माओवादी) नक्सलियों की सूची जारी करते हुए उनके पोस्टर ग्रामीण इलाकों में चिपकाने शुरू कर दिए हैं. ग्रामीण थाना प्रभारियों के नेतृत्व में बहुल ग्रामीण क्षेत्रों के अलावा भीड़भाड़ वाले स्थानों, चौक-चौराहों पर पोस्टर लगाये जा रहे हैं. पोस्टर के माध्यम से पुलिस ने आम लोगों से वांछित नक्सलियों के संबंध में सूचना देने की अपील की है.

सूचना देने वाले व्यक्ति को उचित पुरस्कार देने के साथ ही उसकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखने का भरोसा भी दिलाया गया है. पुलिस की ओर से जारी सूची में सबसे अधिक एक करोड़ रुपये का इनाम असीम मंडल उर्फ आकाश, तिमिर उर्फ मनोज पर घोषित है. इसके अलावा राम प्रसाद मार्डी उर्फ महाराज उर्फ सचिन पर 15 लाख, मीता उर्फ नयनतारा उर्फ घुमो उर्फ पोरी पर 10 लाख रुपये का इनाम है. वहीं मंगल सिंह सरदार उर्फ मंगल महतो उर्फ पांडेय उर्फ मंगल दा पर पांच लाख रुपये, मालती मुर्मू उर्फ मालती पर दो लाख रुपये तथा बुलू महतो उर्फ गीति पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया है.
पुलिस अधिकारियों से संपर्क करें

पोस्टर में पुलिस अधिकारियों के संपर्क नंबर भी जारी किये गये हैं. एसपी, पूर्वी सिंहभूम : 9431706480, एसपी ग्रामीण : 9470199228 तथा डीएसपी पटमदा : 9431706496 पर सूचना दी जा सकती है..




