जमशेदपुर : जमशेदपुर के लोगों के लिए पुलिस से जुड़ी सेवाएं अब और आसान हो गई हैं. पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने नागरिकों की सुविधा के लिए ‘जोहार पुलिस’ चैटबॉट की शुरुआत की है. इस चैटबॉट के जरिए लोग अपने मोबाइल फोन से ही व्हाट्सऐप के माध्यम से कई तरह की पुलिस सेवाओं और जरूरी जानकारियां हासिल कर सकेंगे. इसके लिए लोगों को बार-बार पुलिस कार्यालय जाने की जरूरत नहीं होगी. घर बैठे ही मोबाइल के जरिए पुलिस से जुड़ी जानकारी और सहायता प्राप्त की जा सकेगी. (नीचे भी पढ़ें)

इस चैटबॉट का इस्तेमाल करना भी काफी आसान है. इसके लिए लोगों को अपने मोबाइल फोन से व्हाट्सऐप पर 9471167577 नंबर पर सिर्फ ‘हाय’ लिखकर भेजना होगा. इसके बाद चैटबॉट के जरिए उपलब्ध अलग-अलग सेवाओं की जानकारी मिल सकेगी. इसके अलावा पुलिस की ओर से जारी किए गए क्यूआर कोड को स्कैन करके भी लोग सीधे ‘जोहार पुलिस’ चैटबॉट से जुड़ सकते हैं. ‘जोहार पुलिस’ के जरिए कई महत्वपूर्ण सेवाओं का लाभ लोगों को मिलेगा. अगर किसी व्यक्ति का मोबाइल फोन खो गया है, तो उससे जुड़ी जानकारी और सहायता ली जा सकेगी. साइबर अपराध से संबंधित शिकायत और जरूरी जानकारी भी प्राप्त की जा सकती है. इसके अलावा ट्रैफिक से जुड़े मामलों और चालान की जानकारी, पासपोर्ट वेरिफिकेशन, कैरेक्टर सर्टिफिकेट और चरित्र सत्यापन से संबंधित जानकारी भी चैटबॉट के माध्यम से मिल सकेगी. (नीचे भी पढ़ें)
इतना ही नहीं, पुलिस की ओर से किए जाने वाले विभिन्न वेरिफिकेशन की स्थिति और पुलिस कार्यालय में जमा किए गए आवेदन या शिकायत का स्टेटस भी जानने की सुविधा मिलेगी. लोगों को अपने आसपास के सबसे नजदीकी पुलिस स्टेशन की जानकारी भी मिल सकेगी. महिलाओं की सुरक्षा और ईव टीजिंग से जुड़ी शिकायत या जानकारी देने के लिए भी यह सुविधा उपयोगी होगी. वरिष्ठ नागरिकों से जुड़ी सहायता के साथ-साथ पुलिस को शिकायत, सुझाव और फीडबैक देने की सुविधा भी इसमें उपलब्ध रहेगी. पूर्वी सिंहभूम पुलिस का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य पुलिस और आम लोगों के बीच संपर्क को और आसान बनाना है. व्हाट्सऐप के जरिए पुलिस सेवाएं उपलब्ध होने से लोगों का समय बचेगा और छोटी-छोटी जानकारियों के लिए पुलिस कार्यालय जाने की जरूरत कम होगी. इससे पुलिस और जनता के बीच संवाद भी तेज और आसान होने की उम्मीद है. पुलिस ने जिले के सभी लोगों से अपील की है कि वे ‘जोहार पुलिस’ (जमशेदपुर ऑनलाइन हेल्प एंड असिस्टेंस फॉर रेसिडेंट्स) चैटबॉट का अधिक से अधिक इस्तेमाल करें और मोबाइल के जरिए पुलिस से जुड़ी सेवाओं का लाभ उठाएं.







