जमशेदपुर : जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा यूथ कांग्रेस कमिटी की नवनियुक्त कमिटी के पदाधिकारियों का भालुबासा स्थित कांग्रेस कार्यालय में झारखंड प्रदेश यूथ इंटक अध्यक्ष सत्यम सिंह ने माला पहनाकर सम्मानित किया गया. इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष सत्यम सिंह ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संगठन ने आप सभी को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है. यह केवल पद नहीं, बल्कि जनता और संगठन के प्रति जिम्मेदारी है. उन्होंने पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार जनता के बीच रहें, युवाओं की समस्याओं को समझें और उनके मुद्दों को मजबूती से उठाएं. उन्होंने कहा कि यूथ कांग्रेस की ताकत उसके जमीनी कार्यकर्ताओं और युवाओं से जुड़ाव में है. (नीचे भी पढे)
सभी पदाधिकारी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए सक्रिय रूप से कार्य करें तथा कांग्रेस की विचारधारा और जनहित के मुद्दों को जनता तक पहुंचाएं. सत्यम सिंह ने कहा कि आने वाले समय में युवा कांग्रेस को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों को मिलकर काम करना होगा. उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों से पूरी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ संगठन के लिए कार्य करने का आह्वान किया. कार्यक्रम के दौरान नवनियुक्त पदाधिकारियों ने प्रदेश अध्यक्ष सत्यम सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए संगठन को मजबूत करने और युवाओं की आवाज को बुलंद करने का संकल्प लिया. कार्यक्रम में यूथ कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी, नवनियुक्त पदाधिकारी उपस्थित रहे.




