गालूडीह. जमशेदपुर के गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में गुरुवार को हुई लूट के बाद गालूडीह पुलिस अलर्ट हो गयी. घटना के बाद अपराधियों के संभावित भागने के रास्तों पर निगरानी बढ़ा दी गयी. इसी क्रम में घाटशिला एसडीपीओ विकास आनंद लागुरी के नेतृत्व में पुतड़ु टोल प्लाजा पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया. थाना प्रभारी अंकु कुमार जवानों के साथ टोल प्लाजा पर तैनात रहे. जमशेदपुर की ओर से आने और घाटशिला की तरफ जाने वाले वाहनों को रोककर जांच की गयी. (नीचे भी पढ़े)

बस, कार और मोटरसाइकिल समेत अन्य वाहनों की तलाशी ली गयी. संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की गयी. पुलिस ने टोल प्लाजा से गुजरने वाले वाहनों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी. अधिकारियों के निर्देश पर क्षेत्र के संवेदनशील मार्गों पर भी चौकसी बढ़ायी गयी. पुलिस का फोकस संदिग्ध वाहनों और लोगों की पहचान करने पर रहा.




