गालूडीह : जमशेदपुर के गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में गुरुवार को हुई लूट के बाद गालूडीह पुलिस अलर्ट हो गई. घटना के बाद अपराधियों के संभावित भागने के रास्तों पर निगरानी बढ़ा दी गई. इसी क्रम में घाटशिला एसडीपीओ विकास आनंद लागुरी के नेतृत्व में पुतड़ू टोल प्लाजा पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया. (नीचे भी पढ़ें)

थाना प्रभारी अंकू कुमार जवानों के साथ टोल प्लाजा पर तैनात रहे. जमशेदपुर की ओर से आने और घाटशिला की तरफ जाने वाले वाहनों को रोककर जांच की गई. बस, कार और मोटरसाइकिल समेत अन्य वाहनों की तलाशी ली गई. संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की गई. पुलिस ने टोल प्लाजा से गुजरने वाले वाहनों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी. अधिकारियों के निर्देश पर क्षेत्र के संवेदनशील मार्गों पर भी चौकसी बढ़ाई गई. पुलिस का फोकस संदिग्ध वाहनों और लोगों की पहचान करने पर रहा.




