जमशेदपुर: जमशेदपुर समेत देश के करोड़ों बैंक ग्राहकों के लिए अच्छी खबर है. 28 से 30 सितंबर तक होने वाली बैंक कर्मचारियों की हड़ताल टल गई है. ये हड़ताल सोमवार से बुधवार तक होनी थी . 27 सितंबर की रात करीब 9.30 बजे भारतीय बैंक संघ (आइबीए) और यूएफबीयू के बीच हुई उच्चस्तरीय बैठक में कर्मचारियों की लंबित मांगों पर सकारात्मक सहमति बनने के बाद यह निर्णय लिया गया. यूएफबीयू की तरफ से यह हड़ताल वापस ली गई है. इस निर्णय के बाद सभी बैंकों में काम सामान्य रुप स चलता रहेगा और बिना किसी व्यवधान के लेन-देन किया जा सकेगा. बैंक हड़ताल स्थगित होने से जमशेदपुर सहित कोल्हान की 400 शाखाएं खुली रहेगी. (नीचे भी पढ़ें)
बैठक कर लिया गया निर्णय: बैठक में सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करने के मुद्दे पर आइबीए और यूएफबीयू की संयुक्त हाई लेवल कमेटी गठित करने पर सहमति बनी. कमेटी सभी शनिवारों को अवकाश घोषित करने के प्रस्ताव पर ग्राहकों और अन्य संबंधित पक्षों के हितों को ध्यान में रखते हुए समाधान तलाशेगी. वहीं, स्केल-IV और उससे ऊपर के अधिकारियों की परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (पीआइएल) योजना को लेकर यूनियनों की चिंताओं पर भी चर्चा जारी रखने तथा आवश्यक संशोधन के लिए सरकार को प्रस्ताव भेजने पर सहमति बनी है. 8 मार्च 2024 के मिनट्स में दर्ज कर्मचारियों के शेष मुद्दों के शीघ्र समाधान पर भी बातचीत जारी रहेगी. यूएफबीयू जमशेदपुर चैप्टर के संयोजक रिंटू कुमार रजक ने बताया कि बैठक में पांच दिवसीय बैंकिंग कार्यदिवस और पीआइएल के मुद्दे के जल्द समाधान का आश्वासन मिला. इसके बाद हड़ताल स्थगित करने का फैसला लिया गया.
हड़ताल से इन सेवाओं पर पड़ता असर : 28 सितंबर से तीन दिवसीय हड़ताल से अरबों रुपए का नुक़सान होता. हड़ताल के चलते कुछ एटीएम में नकदी की समस्या आ सकती थी. इससे बैंकों में जमा, निकासी, चेक का समाशोधन प्रभावित हो सकता था. बैंक ऑफ बड़ौदा, एसबीआई, केनरा बैंक और पंजाब एंड सिंध बैंक समेत कई बैंक ने हड़ताल से प्रभावित रहते. परंतु बैठक कर इसे स्थगित कर दिया गया है.




