जमशेदपुर: टाटा मोटर्स जमशेदपुर प्लांट प्रबंधन ने व्यावसायिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए छुट्टियों और कार्य दिवसों के शेड्यूल में बदलाव किया है. इस संबंध में कंपनी की ओर से नया सर्कुलर और नोटिस जारी किया गया है. संशोधित कार्यक्रम के अनुसार 1 अक्टूबर को प्लांट में अवकाश रहेगा, जबकि 4 अक्टूबर को रविवार होने के बावजूद सभी संबंधित विभागों में काम होगा. सर्कुलर के अनुसार 1 अक्टूबर 2026 (गुरुवार) को 20 सितंबर के एवज में संप्रति अवकाश यानी कंपनसेटरी ऑफ रहेगा. वहीं 2 अक्टूबर (शुक्रवार) को गांधी जयंती के अवसर पर पूर्व में जारी आदेश के तहत प्लांट, ऑफिस और दुकानें बंद रहेंगी. यह दिन कर्मचारियों के लिए सवेतन अवकाश होगा. (नीचे भी पढ़ें)
इसके अलावा 4 अक्टूबर (रविवार) को जनरल ऑफिस समेत सभी डिवीजनों, विभागों और संबंधित सेवाओं में कार्य दिवस निर्धारित किया गया है. रविवार को काम करने के एवज में कर्मचारियों को मिलने वाले कंपनसेटरी ऑफ की तारीख की घोषणा बाद में की जाएगी. प्रबंधन ने सभी विभागीय प्रमुखों को अपनी आवश्यकताओं के अनुसार कॉमन सर्विसेज की गतिविधियों का समन्वय करने और जरूरी दिशा-निर्देश जारी करने को कहा है. शिफ्ट चेंज नोटिस के साथ सर्कुलर की प्रति नोटिस बोर्ड पर भी प्रदर्शित कर दी गई है. आदेश की प्रतिलिपि फैक्ट्री इंस्पेक्टर, उप श्रम आयुक्त और टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के महामंत्री को भी भेजी गई है.




