पोटका: कोवाली थाना अंतर्गत हाता-तिरिंग (ओडिशा) एनएच-220 पर हल्दीपोखर के समीप बाइक के धक्के से गंभीर रूप से घायल हुई 40 वर्षीय पूजा पात्र की सोमवार को इलाज के दौरान टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में मौत हो गई. हादसे के बाद से ही पूजा पात्र आईसीयू में जिंदगी और मौत से जूझ रही थीं. चिकित्सकों ने उनके सिर का ऑपरेशन भी किया था, लेकिन ऑपरेशन के बाद भी उन्हें होश नहीं आया. पूजा पात्र के निधन की खबर गांव में पहुंचते ही शोक की लहर दौड़ गई. बड़ी संख्या में ग्रामीण और शुभचिंतक उनके आवास पहुंचे तथा शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया. परिजनों के अनुसार, हादसे के बाद पूजा को गंभीर हालत में टीएमएच ले जाया गया था, जहां उनका आईसीयू में इलाज चल रहा था. (नीचे भी पढ़े)

बताया गया कि 28 सितंबर को पूजा पात्र हल्दीपोखर के समीप थीं. इसी दौरान हरिणा की ओर से हल्दीपोखर होते हुए हाता की ओर जा रही बाइक संख्या जेएच-05सीआर/9250 अनियंत्रित होकर उन्हें टक्कर मार दी. हादसे में पूजा गंभीर रूप से घायल होकर अचेत हो गई थीं. इसके बाद उन्हें तत्काल टीएमएच में भर्ती कराया गया था. पूजा पात्र के ससुर राजबल्लभ तांती सेवानिवृत्त शिक्षक हैं, जबकि उनके पति अमित पात्र पोटका प्रखंड में संविदा पर कंप्यूटर सहायक के पद पर कार्यरत हैं. पूजा के निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.




