जमशेदपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन ने चक्रधरपुर मंडल का निरीक्षण कर संरक्षा, यात्री सुविधाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की. निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक द्वारा बंडामुंडा से टाटानगर तथा टाटानगर से बादामपहाड़ तक विंडो ट्रेलिंग की गई. इसका उद्देश्य रेल परिचालन की संरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ रेल पथ एवं अन्य संबंधित रेलवे परिसंपत्तियों की स्थिति का जायजा लेना था. महाप्रबंधक ने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत विकसित किए जा रहे, रायरंगपुर एवं बादामपहाड़ स्टेशनों का भी निरीक्षण किया.(नीचे भी पढ़े)

इस दौरान कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई. निरीक्षण का उद्देश्य रेल संरक्षा को सुदृढ़ करना, विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करना तथा यात्रियों को बेहतर एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा. निरीक्षण के दौरान चक्रधरपुर मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया, सीसीएम तथा मुख्यालय व मंडल के संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे. इस दौरान जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो के साथ रेल जीएम से मुलाकात हुई. यहां उनकी मुलाकात के दौरान जालियांवाला बाग एक्सप्रेस ट्रेन को चालू रख़ने, गोविंदपुर, बारीगोड़ा, सालगाझुड़ी समेत अन्य आरओबी व आरयूबी को जल्द बनाने पर चर्चा हुई.




