जमशेदपुर : मानगो के ओल्ड पुरुलिया रोड में शुक्रवार को एक युवक के फंदे से लटक कर जान देने का मामला सामने आया है. मृतक की पहचान रोहित कुमार महतो के रूप में हुई है, जो धनबाद के रामाडोबा का निवासी बताया जा रहा है. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस को जानकारी दी गई, जिसके बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोहित अपने चचेरे भाई के पास जमशेदपुर आया था और पिछले करीब 15 दिनों से एक किराए के मकान में रह रहा था. उसके साथ रहने वाले सुमित कुमार ने बताया कि रोहित उसके साथ उसी कमरे में रह रहा था. बताया जा रहा है कि घटना से पहले रोहित के मोबाइल पर एक लड़की से चैटिंग के दौरान बहस हुई थी. लड़की के पटना की निवासी होने की बात कही जा रही है, हालांकि इस कथित विवाद और युवक की मौत के बीच संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. घटना का कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.




