जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. जुगसलाई पुलिस ने थाना क्षेत्र की गरीबनवाज कॉलोनी स्थित खरकई नदी पर बने रेल पुल के पास छापामारी कर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया. पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 23.15 ग्राम ब्राउन शुगर, 45 हजार रुपये नकद, चार मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल और एक मारुति डिजायर कार बरामद की है. गिरफ्तार आरोपियों में तीन का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
मिली जानकारी के अनुसार, 23 नवंबर 2026 को जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि जुगसलाई थाना क्षेत्र के गरीब नवाज कॉलोनी स्थित खरकई रेल पुल के समीप कुछ लोग अवैध रूप से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करने पहुंचने वाले हैं. सूचना की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. इसके बाद पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर छापामारी की. इस दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार मो रेहान हुसैन तथा डिजायर कार में सवार तीन अन्य युवकों, शेख कुतुबुद्दीन उर्फ मोनू, मो इरशाद उर्फ फिरदौस और दिलशाद खान उर्फ राजा को पकड़ लिया गया. तलाशी में चारों के पास से अलग-अलग पुड़ियों में रखा ब्राउन शुगर बरामद की गई. (नीचे भी पढ़ें)
यह भी पढ़ें: Jamshedpur border area murder case : कपाली में पत्नी की हत्या के आरोप में पति गिरफ्तार, भेजा गया जेल
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार मो रेहान हुसैन के पास से 35 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसका कागज सहित कुल वजन 6.09 ग्राम है. वहीं, शेख कुतुबुद्दीन उर्फ मोनू के पास से 30 पुड़िया, जिसका वजन 6.66 ग्राम, मो इरशाद उर्फ फिरदौस के पास से 34 पुड़िया, जिसका वजन 6.70 ग्राम तथा दिलशाद खान उर्फ राजा के पास से ब्राउन शुगर जैसा पदार्थ बरामद हुआ, जिसका कागज और प्लास्टिक सहित वजन 3.70 ग्राम बताया गया है. इस प्रकार कुल 23.15 ग्राम मादक पदार्थ बरामद किया गया. छापामारी के दौरान पुलिस ने डिजायर कार नंबर JH05CK3768 की तलाशी ली। इस दौरान कार की ड्राइविंग सीट के नीचे पायदान से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री से प्राप्त 45 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। इसके अलावा चार मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल और उक्त डिजायर कार को भी जब्त कर लिया गया. (नीचे भी पढ़ें)
इस मामले में जुगसलाई थाना में मामला दर्ज कर कांड संख्या 88/2026, दिनांक 24 नवंबर 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(b), 27(A) एवं 29 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर ब्राउन शुगर के स्रोत, इसकी आपूर्ति करने वाले नेटवर्क और खरीद-बिक्री से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस अवैध कारोबार का नेटवर्क शहर के किन-किन इलाकों तक फैला हुआ है. पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार चार आरोपियों में से तीन का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है. पुलिस अब उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को खंगालने के साथ इस नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है. नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस की इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है.















