जमशेदपुर : दिवंगत मजदूर सुबोध पात्रो के परिवार को न्याय और उनका उचित हक-अधिकार दिलाने की मांग को लेकर टाटा मोटर्स में आंदोलन ने अब जोर पकड़ लिया है. मंगलवार को आंदोलनकारियों ने युवा साथियों के सहयोग और दृढ़ संकल्प के साथ टाटा मोटर्स के सभी सातों गेट बंद कर दिए. (नीचे देखे पूरी खबर)
सभी गेटों के बंद होने से कंपनी के भीतर और बाहर गतिविधियों पर आंदोलन का व्यापक असर देखने को मिला. आंदोलनकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक सुबोध पात्रो के परिवार को उचित मुआवजा, न्याय और उनका अधिकार नहीं मिल जाता, तब तक आंदोलन समाप्त नहीं होगा. (नीचे देखे पूरी खबर)

आंदोलन का नेतृत्व कर रहे लोगों ने कहा कि यह लड़ाई सिर्फ दिवंगत मजदूर सुबोध पात्रो के परिवार को न्याय दिलाने तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे मजदूर वर्ग के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों से जुड़ा सवाल है. उनका कहना है कि किसी भी मजदूर के साथ अन्याय होने पर उसके परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जा सकता. मजदूरों के अधिकारों की रक्षा करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है. (नीचे देखे पूरी खबर)

आंदोलनकारियों ने एकजुटता का परिचय देते हुए कहा कि मजदूरों के साथ होने वाले अन्याय को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. जब तक परिवार की मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं होती, तब तक संघर्ष जारी रहेगा. इस दौरान आंदोलनकारियों ने नारेबाजी कर अपनी मांगों को बुलंद किया. उनका प्रमुख नारा रहा हर जोर-जुल्म की टक्कर में, संघर्ष हमारा नारा है. (नीचे देखे पूरी खबर)

टाटा मोटर्स के सभी सातों गेट बंद किए जाने के बाद अब इस पूरे मामले में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और कंपनी प्रबंधन की भूमिका महत्वपूर्ण हो गई है. सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि प्रबंधन और प्रशासन आंदोलन को समाप्त कराने तथा दिवंगत मजदूर के परिवार को न्याय दिलाने के लिए क्या कदम उठाते हैं. फिलहाल आंदोलनकारियों ने पीछे हटने के संकेत नहीं दिए हैं.















