जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित टुइलाडुंगरी में अवैध रूप से संचालित सेकेंड हैंड कार बिक्री स्थल में शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन आग लग जाने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया. गुरुवार देर रात साईं मोटर्स के सेल्स-परचेज परिसर में खड़ी दो कारें अचानक आग की चपेट में आ गईं और देखते ही देखते धू-धू कर जलने लगीं. स्थानीय लोगों ने पहले एक कार से धुआं उठता देखा, जिसके बाद आग ने विकराल रूप ले लिया और पास में खड़ी दूसरी कार को भी अपनी चपेट में ले लिया. घटना के बाद आसपास अफरा-तफरी मच गई. (नीचे भी पढ़ें)
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की एक गाड़ी मौके पर पहुंची एवं दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दोनों कारें पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थीं. राहत की बात यह रही कि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया, नहीं तो पास में खड़ी कई अन्य कारें भी इसकी चपेट में आ सकती थीं और बड़ा हादसा हो सकता था. स्थानीय लोगों का कहना है कि एक दिन पहले भी इसी परिसर में खड़ी एक कार में आग लगी थी. लगातार दूसरे दिन आग लगने की घटना के बाद लोग अब इसे महज शॉर्ट सर्किट नहीं मान रहे हैं. लोगों को आशंका है कि किसी शरारती तत्व द्वारा जान बूझकर आग लगाई जा रही है. हालांकि पुलिस अभी हर ऐंगल से मामले की जांच कर रही है. (नीचे भी पढ़ें)
बताया जा रहा है कि साईं मोटर्स परिसर में सड़क किनारे अवैध रूप से सेकेंड हैंड कारों का शोरूम संचालित किया जाता है. यहां बड़ी संख्या में “फॉर सेल” लिखी कारें सड़क किनारे खड़ी रहती हैं, जिससे हमेशा दुर्घटना का खतरा बना रहता है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल गोलमुरी पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.







