
आदित्यपुर : शुक्रवार को सरायकेला जिले के आदित्यपुर स्थित ईचा गालूडीह कॉम्प्लेक्स के मुख्य अभियंता के कार्यालय के समक्ष झारखंड राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ त्रिपाठी गुट द्वारा तीन सूत्री मांगों को लेकर एकदिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया. इसके माध्यम से इन्होंने निम्न- उच्च वर्गीय लिपिकों को वर्गीकृत करते हुए उन्हें उच्च वर्गीय प्रधान लिपिक एवं प्रधान सहायक के पद पर प्रोन्नत किए जाने, मुख्य अभियंता के पत्रांक संख्या 2440 को भ्रामक बताते हुए उसमें जारी वरीयता सूची को रद्द करने एवं 27 मार्च 2010 के बाद से अनुकंपा पर आधारित नियुक्ति के लिए कंप्यूटर ज्ञान की अनिवार्यता समाप्त किए जाने की मांग रखी गई. वैसे इससे पूर्व भी इनकी ओर से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन किया जाता रहा है. इन्होंने आज के बाद भी मांगों पर विचार नहीं किए जाने की सूरत में कल से कार्यालय अवधि के भोजनावकाश पर मुख्य अभियंता के कार्यालय के समक्ष धरना देने का ऐलान किया है.




