आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में युवक पर गोली चलाने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी पिस्टल, एक देसी कट्टा, जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं. इस संबंध में गुरुवार को पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लूणायत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी. घटना 2 मार्च 2026 की थी, जब प्राथमिकी अभियुक्त शुभम सरकार और राज लोहार उर्फ कालू ने राजवीर सिंह उर्फ लालू (उम्र लगभग 19 वर्ष) तथा उसके साथी आशीष दीप पर जान मारने की नीयत से गोली चला दी थी. घटना के समय मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे राजवीर सिंह उर्फ लालू को गोली लगी थी. घायल को तत्काल इलाज के लिए टीएमएच में भर्ती कराया गया था. मामले के खुलासे के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर सर्वैया के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर दोनों नामजद आरोपियों शुभम सरकार और राज लोहार उर्फ कालू को गिरफ्तार कर लिया. (नीचे भी पढे़ं)

पूछताछ में सामने आया कि घटना के पीछे पुरानी रंजिश थी. पुलिस के मुताबिक शुभम सरकार के पिता पिछले तीन वर्षों से मानगो थाना क्षेत्र के एक हत्या मामले में जेल में बंद हैं. इसी दौरान उसकी मां का आकाश दीप नामक व्यक्ति से संबंध हो गया और वह उसे लेकर गुजरात चला गया था. इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच विवाद चल रहा था. पुलिस ने आरोपियों के पास से टीवीएस अपाची मोटरसाइकिल (जेएच05इसी-1079), दो ओप्पो कंपनी के एंड्रॉयड मोबाइल फोन, एक देशी पिस्टल, एक देशी कट्टा, एक मैगजीन, देशी पिस्टल की 16 जिंदा गोलियां और देशी कट्टा की 4 जिंदा गोलियां बरामद की हैं. फिलहाल गिरफ्तार अभियुक्तों को जेल भेज दिया गया है.







