
आदित्यपुर : सरायकेला खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र अंतर्गत रोड नंबर 11 से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां 25 वर्षीय कामकाजी युवती ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. मृतका की पहचान कृष्णा मिश्रा की पुत्री नेहा मिश्रा के रूप में हुई है. नेहा गम्हरिया के बीको मोड़ स्थित एएसएल एंटरप्राइजेज में कार्यरत थी. जानकारी के अनुसार, नेहा पिछले करीब 10 दिनों से घर में अकेली रह रही थी. उसके माता-पिता एक पारिवारिक शादी समारोह में शामिल होने के लिए अपने पैतृक गांव गए हुए थे. (नीचे देखे पूरी खबर)
रविवार को पड़ोसियों ने जब लंबे समय तक घर का दरवाजा बंद देखा और कोई हलचल नहीं हुई, तो उन्हें अनहोनी की आशंका हुई. इसके बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल आरआईटी थाना पुलिस को सूचना दी. पुलिस की मौजूदगी में घर का दरवाजा खोला गया, जहां नेहा का शव फंदे से लटका मिला. उसे तुरंत नीचे उतारकर जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.







