
आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिला के आदित्यपुर नगर निगम की एक महिला पार्षद अपने पूर्व पार्षद पति के हाथों बुरी तरह पिटी है. वैसे शहर के गणमान्य लोगों के हस्तक्षेप के कारण मामला थाना पहुंचने के बाद भी रफा-दफा करा दिया गया. इतना ही नहीं महिला पार्षद इलाज के लिए दर-दर की ठोकरें खाती रही. उन्हें इलाज तक नसीब नहीं हुआ. महिला पार्षद के पूर्व पार्षद पति काफी रसूखदार हैं, और उनकी हर विभाग में खासी पकड़ है. यही कारण है, कि पार्षद होते हुए भी महिला को मेडिकल कराने के लिए जद्दोजहद करनी पड़ी. अंततः उनका मेडिकल नहीं हुआ. थक हार कर महिला पार्षद वापस घर लौट आई. वैसे इस हाई प्रोफाइल मामले की मध्यस्थता कराने में दो- तीन पार्षद और विशेष समाज के गणमान्य लोगों ने बड़ी भूमिका निभाई. हालांकि महिला पार्षद अपने पति के आतंक से काफी डरी सहमी हुई है. और वह अपने लिए इंसाफ चाहती है. सूत्रों की माने तो यह कोई पहला मौका नहीं है, जब महिला पार्षद अपने पति के हाथों इस कदर पिटी है. इससे पूर्व भी महिला पार्षद को उनके पति जानवरों की तरह पीटते रहे हैं. अब सवाल ये उठता है, कि आखिर हर बार यातना सहने के बाद भी महिला पार्षद अब तक क्यों चुप रही. क्यों समाज के गणमान्य लोग ऐसे मामले में पुलिस को सहयोग नहीं करते. वैसे महिला पार्षद के पूर्व पार्षद पति पूर्व में जेल भी जा चुके हैं. और आए दिन सुर्खियां बटोरते रहे हैं.






