
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सीतारामडेरा पुलिस ने बस स्टैंड से एक अपराधी को गिरफ्तार किया है. उसके पास से पुलिस ने एक पिस्तौल और दो जिंदा गोली बरामद किया है. अपराधी का नाम करन सिंह उर्फ कल्लू है, वह आदित्यपुर का रहने वाला है. कल्लू मूल रूप से बिहार के रोहतास जिला का रहने वाला है. पुलिस ने उसे गुरुवार देर रात गिरफ्तार किया है. इस संबंध में थाना प्रभारी अखिलेश मंडल ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि करन बस में सवार होकर हथियार के साथ जमशेदपुर आ रहा है. इसके बाद डीएसपी हेडक्वार्टर 1 वीरेंद्र राम के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया. टीम ने देर रात छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया. उन्होंने बताया कि करन आदित्यपुर थाना से चोरी के मामले में जेल जा चुका है. जेल से छूटने के बाद वह साल 2018 में अपने गांव चला गया था. वह वापस शहर आकर आदित्यपुर जाने वाला था जहां वह हथियार के दाम पर अपराधिक घटना को अंजाम देने वाला था. फिलहाल उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.







