रामगोपाल जेना/चक्रधरपुर : चक्रधरपुर के भारत भवन स्थित फॉरेस्ट गेस्ट हाउस में सोमवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार झारखंड स्टेट स्टूडेंट्स यूनियन की एक बैठक आयोजित हुई. बैठक में 60/40 की नियोजन नीति के विरोध में आगामी 10 मई से 11 जून तक प्रस्तावित अभियान की रणनीति पर विचार-विमर्श हुआ. (नीचे भी पढ़ें)
बताते चलें कि झारखंड स्टेट स्टूडेंट्स यूनियन राज्य सरकार की 60/40 की नियोजन नीति का विरोध कर रही है. यूनियन ने इसके विरोध में आगामी 10 मई से 11 जून तक अभियान चलाने का निर्णय लिया है. इसी की रणनीति तैयार करने के उद्देश्य से चक्रधरपुर भारत भवन स्थित फॉरेस्ट गेस्ट हाउस में सोमवार को झारखंड स्टेट स्टूडेंट्स यूनियन की एक बैठक आयोजित हुई, जिसमें झारखंड के मुख्य छात्र संगठन झारखंड स्टेट स्टूडेंट्स यूनियन के अध्यक्ष देवेंद्रनाथ महतो सहित कोल्हान के विभिन्न छात्र संगठनों के नेतृत्वकर्ता उपस्थित रहे. इनमें मुख्य रूप से बसंत महतो, वासिल हेंब्रम, किशोर कुमार, कुश मांझी, रवि, हिमांशु, बालकिशोर, समीर, प्रताप, ओमप्रकाश, संजय, धर्मवीर, राजेंद्र आदि शामिल रहे.(नीचे भी पढ़ें)
बैठक के बाद झारखंड स्टेट स्टूडेंट्स यूनियन के अध्यक्ष देवेंद्रनाथ महतो ने कहा कि झारखंड के समस्त छात्र संगठनों ने 60-40 की नियोजन नीति के विरोध में चरणबद्ध तरीके से आर-पार की लड़ाई लड़ने का निर्णय लिया है. उन्होंने कहा कि इसके पहले चरण में 10 से 25 मई तक सभी 81 विधायक और 14 सांसदों से समर्थन पत्र लिया जाएगा.



