
चक्रधरपुर : स्थानीय मधुसूदन महतो उच्च विद्यालय असंतलिया का मैट्रिक का परिणाम शत प्रतिशत रहा है। इस वर्ष विद्यालय के छात्र संतोष कोड़ा और छात्रा संयुक्ता प्रमाणिक कोल्हान टॉपरों में शामिल हैं। इसे लेकर स्कूल परिवार में उत्साह का माहौल है। जानकारी के अनुसार झारखंड अधिविध परिषद रांची द्वारा जारी मैट्रिक परीक्षा के रिजल्ट में मधुसूदन महतो उच्च विद्यालय असंतलिया चक्रधरपुर का परिणाम गत वर्षो की भांति इस वर्ष भी शत-प्रतिशत रहा।

इस वर्ष विद्यालय से कुल 157 विद्यार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए थे। इसमें विद्यालय का छात्र संतोष कोड़ा और छात्रा संयुक्ता प्रमाणिक कोल्हान टॉपर में शामिल है। कुल सम्मिलित विद्यार्थियों में 7 विद्यार्थियों 90% से अधिक अंक अर्जित किया है। 43 विद्यार्थियों ने 80% से 89% तक अंक अर्जित किया है। 92 विद्यार्थियों ने 60 से 79 प्रतिशत अंक अर्जित किया है। इस प्रकार सम्मिलित छात्रों में कुल 142 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए हैं। शेष 15 विद्यार्थी द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए हैं। इस प्रकार विद्यार्थियों में से 90.4% विद्यार्थी ने प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण होने का गौरव प्राप्त किया है, तथा शेष 9.6 प्रतिशत विद्यार्थी द्वितीय श्रेणी में उतीर्ण हुए हैं।

शहर के जाने-माने समाजसेवी शिक्षाविद् व मधुसूदन महतो उच्च विद्यालय के सचिव श्याम सुंदर महतो ने सभी छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक वृंद को धन्यवाद देते हुए बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना की है। इसी प्रकार स्कूल के प्रधानाध्यापक बसंत महतो ने भी सभी छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है. कोल्हान टॉपर में शामिल संतोष कोड़ा को नि:शुल्क शिक्षा वह दे रहे थे।







