
चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड की माटियाबांधी पंचायत के पहाड़ के ऊपर बसा घाघरा गांव निवासी सहदेव सिंह (42) को हाथी ने गांव से दूर पटक कर मार दिया. हाथी द्वारा सहदेव सिंह को मारने की सूचना से ग्रामीणों में वन विभाग के पदाधिकारियों के खिलाफ आक्रोश है. मिली जानकारी के अनुसार सहदेव सिंह धालभूमगढ़ प्रखंड के महिसाधरा गांव अपने निजी काम से बीती शाम गया था. वहां से गांव वापस लौटने के दौरान वह हाथी के चपेट में आ गया. हाथियों ने उसे रास्ते में ही पटक कर मार डाला. हाथी की चपेट में आकर सहदेव की मौत की सूचना पाकर मृतक की पत्नी सत्यवती सिंह और तीन संतानों का रो-रो कर बुरा हाल है.
हाथी द्वारा सहदेव सिंह को पटक कर मार देने की सूचना पाकर वन विभाग के पदाधिकारी घटनास्थल पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. पदाधिकारी ने मृतक की पत्नी सत्यवती सिंह को दाह संस्कार कराने के लिए तत्काल 25 हजार रुपये दिये. पदाधिकारियों ने सरकार द्वारा घोषित 4 लाख मुआवजा राशि जल्द ही परिवार को उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया. मौके पर माटियाबांधी पंचायत के मुखिया सुबिता सिंह, प्रधान राजेन्द्र सिंह, नकुल सिंह, हरगोविंद सिंह, राम सिंह समेत अन्य ग्रामीण उपस्थित थे.








