पटना: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर शनिवार को चुनाव आयोग ने बिहार के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की. इस बैठक में सभी दलों के प्रतिनिधियों ने अपने अपने सुझाव आयोग को दिये. इस बैठक में भाजपा, जदयू, राजद, कांग्रेस व लेफ्ट पार्टियों समेत 12 मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि शामिल हुए. क्षेत्रीय दलों में हम, वीआईपी व आरएलएम को आमत्रित नहीं किया गया था. साथ ही अपनी मांगें चुनाव आयोग के समक्ष रखी. इस दौरान भाजपा ने चुनाव आयोग के सामने 16 सूत्री मांग और सुझाव रखे.(नीचे भी पढ़े)
बैठक के बाद बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने एक या दो चरणों में चुनाव कराने की मांग की है. इस दौरान मतदाता सूची की तैयारी पारदर्शी एवं बेहतर तरीके से करने के लिए भारतीय निर्वाचन आयोग को बधाई दी. उन्होंने कहा कि पूरे बिहार में, खासकर दियारा इलाकों में, जहां बूथ कैप्चरिंग की घटनाएं होती हैं, केंद्रीय बलों की तैनाती की जानी चाहिए. हमने यह भी सुझाव दिया है कि मतदान से 24 घंटे पहले एक एसएमएस रिमाइंडर भेजा जाए. भाजपा ने राज्य में जल्द चुनाव कराने का भी आग्रह किया है. मुख्य चुनाव आयुक्त के साथ हुई मीटिंग के बाद जदयू बिहार अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा, हमारी पार्टी ने सुझाव दिया है कि चुनाव एक ही चरण में कराये जाने चाहिए. छठ पर्व के दौरान बाहर से आने वाले मतदाताओं को वोट डालने की सुविधा देने के लिए, चुनाव छठ पर्व के तुरंत बाद आयोजित किये जाने चाहिए.भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन के प्रतिनिधि कुमार परवेज ने कहा कि हमारी मांग यह थी कि चुनाव आयोग अंतिम एसआईआर सूची को स्पष्ट करे.(नीचे भी पढ़े)
हमने आग्रह किया कि चुनाव आयोग उन 366,000 मतदाताओं का विवरण प्रकाशित करे जिनके नाम हटा दिये गये थे, जिसमें हटाने के कारण और आधार भी शामिल हों.हमारी दूसरी मांग नये मतदाताओं से संबंधित थी, जिन्हें जोड़ा गया है. हमने चुनाव आयोग से गलत तरीके से हटाये गये नामों, आपत्ति दर्ज कराने वाले व्यक्तियों और जोड़े गए नामों की संख्या की पहचान करने को भी कहा. चुनाव की घोषणा 6 अक्टूबर के बाद किसी दिन भी हो सकती है.














