
जमशेदपुर : झारखंड में सरकार बदलते ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद को छात्रों का दर्द सताने लगा है. जहां अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने प्रेस कांफ्रेंस कर चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी दी है. जानकारी देते हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रांतीय सह सचिव वापन घोष ने बताया कि झारखंड के लगभग सभी विश्वविद्यालयों में शिक्षकों का घोर अभाव है, जिससे छात्र गुणवत्ता युक्त शिक्षा पाने में विफल हो रहे हैं. ऐसे में गुणवत्ता युक्त उच्च शिक्षा मिलना छात्रों के लिए संभव नहीं. उन्होंने बताया कि सेमेस्टर वाइज परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है लेकिन शिक्षकों की कमी के कारण छात्र बेहतर परिणाम हासिल नहीं कर पा रहे हैं ऐसे में राज्य के छात्रों का भविष्य अधर में लटक सकता है उन्होंने बताया कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद इसको लेकर पहले पूरे राज्य के कॉलेजों का सर्वेक्षण करेगी उसके बाद चरणबद्ध तरीके से आंदोलन करेगी. आपको बता दें कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद को राज्य में भाजपा की सरकार जाते ही विद्यार्थियों का दर्द सताने लगा है. इससे पूर्व इन्हें इसकी चिंता नहीं सता रही थी. बहरहाल अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद अब आगे क्या कदम उठाती है यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा.






