
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत पीडब्ल्यूडी चौक के पास बीती रात करीब 3 बजे सड़क दुर्घटना में एक पिकअप वैन के चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई है, वहीं साकराइल थाना क्षेत्र के आदुल गांव निवासी खलासी प्रदीप दे गंभीर रूप से घायल हो गया. रात में ही 108 एम्बुलेंस से जख्मी खलासी को उपचार के लिए सीएचसी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर ने उसका प्राथमिक उपचार कर बेहतर इलाज के लिये रेफर कर दिया है. डॉक्टर ने बताया कि खलासी के सिर पर गंभीर चोट आयी है. मिली जानकारी के अनुसार उक्त पिकअप वैन जमशेदपुर की ओर से कोलकाता की ओर जा रही थी. उसी दौरान बहरागोड़ा के पीडब्ल्यूडी चौक के पास एक अज्ञात वाहन के पीछे वैन टकरा गई, जिससे घटनास्थल पर ही चालक की मौत हो गयी. सुबह पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और वाहन के अंदर फंसे चालक के शव को बाहर निकाल कर अपने कब्जे में ले लिया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है.







