जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई थाना अंतर्गत टाटा पिगमेंट गेट के समीप मंगलवार दोपहर एक तेज रफ्तार 407 ट्रक ने टाटा ऐस वाहन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि टाटा ऐस (मिनी ट्रक) अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर पर चढ़ गया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए सड़क पर लंबा जाम लग गया. घटना के संबंध में टाटा ऐस चालक परीक्षित दास ने बताया कि वे टाटा स्टील यूआईएसएल (पूर्व में जुस्को) में कार्यरत हैं. (नीचे भी पढे़ं)

मंगलवार को वे बिष्टुपुर से जुगसलाई रोड की ओर 3 मार्च की तैयारी के सिलसिले में जा रहे थे. उनका वाहन सामान्य गति से चल रहा था. इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे 407 ट्रक ने अचानक जोरदार टक्कर मार दी. चालक के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि संभलने का मौका ही नहीं मिला और गाड़ी रगड़ते हुए डिवाइडर पर चढ़ गई. (नीचे भी पढे़ं)
हादसे में टाटा ऐस में सवार खलासी को गर्दन में चोट आई है. घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने उसे प्राथमिक उपचार दिलाया और बाद में अस्पताल भेजा गया. चालक को भी हाथ में हल्की चोट आई है, हालांकि उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक चालक नशे की हालत में था. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी. क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया गया.




