
जमशेदपुर : जमशेदपुर के उपायुक्त कार्यालय के बाहर बुधवार को बिना अनुमति लिए रैली निकालने वाले झामुमो के पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां पर बिष्टुपुर थाना में कार्यापालक दंडाधिकारी सविता टोपनों के बयान पर बिना अनुमति के रैली निकालने, सरकार द्वारा जारी नियमों का उलंघ्घन करने और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का मामला दर्ज किया गया है. इस मामले में दुलाल भुईया के अलावा जितेंद्र यादव, हरि मुखी, बैजू मुखी, सरना पाल, स्वपन करुआ, खगेन महतो, बलदेव भुईया के अलावा 100 अन्य पर मामला दर्ज किया गया है. पुलिस इस मामले की जांच कर रही है. आपको बता दें कि टाटा स्टील में हरिजनों और आदिवासियों को नौकरी देने की मांग को लेकर दुलाल भुइयां समेत उनके सैकड़ों समर्थक डीसी ऑफिस में घुस गये थे और हंगामा किया था. इस दौरान डीसी ऑफिस में घुसने को लेकर एडीएम के साथ नोंकझोक भी हो गयी थी. इस मामले को लेकर पहले ही एडीएम ने कहा था कि नियम का उल्लंघन है क्योंकि खुद दुलाल भुइयां ने बिना मास्क के प्रदर्शन किया था. इस मामले को लेकर दुलाल भुइयां को गिरफ्तार किया जा सकता है और उनको फिर से जेल भेजा जा सकता है. इसको लेकर जिला प्रशासन ने अपना एक्शन शुरू कर दिया है.












