जमशेपदुर : आगामी मॉनसून एवं बरसात के मौसम को देखते हुए जिले के सभी नगर निकायों की तैयारियों की समीक्षा को लेकर जमशेदपुर के उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में बैठक आयोजित की गई. बैठक में उपायुक्त ने नगर निकायों के पदाधिकारियों को वर्षा ऋतु के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूर्ण करने का निर्देश दिया. उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ रखने, नालियों की नियमित सफाई एवं जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखने पर विशेष बल दिया. पेयजलापूर्ति व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी नगर निकायों को जलापूर्ति तंत्र की जांच कर आवश्यक मरम्मत एवं रखरखाव कार्य शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया, ताकि बरसात के दौरान पेयजल आपूर्ति बाधित न हो. बैठक में विगत तीन वर्षों के दौरान जलजमाव प्रभावित क्षेत्रों की विस्तृत समीक्षा की गई. (नीचे भी पढे)
उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में हर वर्ष जलजमाव की समस्या उत्पन्न होती है, वहां प्राथमिकता के आधार पर प्रभावी एवं दीर्घकालिक समाधान सुनिश्चित किया जाए. साथ ही सभी नगर निकायों को क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) का गठन करने तथा आमजन की शिकायतों एवं आपातकालीन सूचनाओं के त्वरित निस्तारण के लिए टॉल फ्री नंबर का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. भारी वर्षा के दौरान स्वर्णरेखा एवं खरकई नदी के तटीय क्षेत्रों में संभावित जलभराव की स्थिति को देखते हुए उपायुक्त ने लोगों को सुरक्षित स्थानों पर आश्रय उपलब्ध कराने हेतु सामुदायिक भवनों अथवा अन्य सरकारी भवनों को पूर्व से चिन्हित कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. बैठक में अपर उपायुक्त, अपर नगर आयुक्त मानगो नगर निगम, उप नगर आयुक्त जेएनएसी, चाकुलिया नगर पंचायत एवं जुगसलाई नगर परिषद के भी पदाधिकारी तथा जुस्को के प्रतिनिधि व अन्य उपस्थित रहे.







