जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर डीडी बार के सामने पुलिस की जीप से खींचकर अपराधियों द्वारा दो लोगों पर जानलेवा हमला करने और एक युवक हिमांशु की हत्या हो जाने का भाजपा ने कड़ा विरोध किया है. भाजपा के पदाधिकारी और पूर्व मंत्री भानु प्रताप शाही ने जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू के साथ संवाददाता सम्मेलन किया. इस दौरान संवाददाता सम्मेलन में जमशेदपुर महानगर भाजपा अध्यक्ष संजीव सिन्हा समेत अन्य लोग मौजूद थे. इस दौरान भाजपा ने कहा कि यह मामला काफी गंभीर है. पुलिस की मौजूदगी में अपराधियों ने जिस तरह पुलिस के सामने हत्याकांड को अंजाम दिया, यह बताता है कि पुलिस किस कदर कमजोर है. पुलिस सिर्फ ट्राफिक चेकिंग के नाम पर लोगों से पैसे की उगाही कर रही है. (नीचे भी पढ़ें)
25 फीसदी राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को कमीशन यहां के पुलिसवाले भेज रहे है. 50 फीसदी में पुलिस के आला अधिकारी बंदरबांट करते है और 25 फीसदी सरकार के खाते में जाते है. यह खेल के कारण ही पुलिस कमजोर हुई है और अपराधी ज्यादा मजबूत हो गये है. इन लोगों ने कहा कि जमशेदपुर अब क्राइम सिटी का रुप ले रहा है. स्टील सिटी, क्लीन सिटी की जगह क्राइम सिटी का रुप ले रहा है. इसको लेकर भाजपा चुप नहीं बैठेगी, किसी भी हद तक जाकर आंदोलन करेगी. जमशेदपुर भाजपा महानगर पहले ज्ञापन सौंपेगी. इसके बाद कार्रवाई नहीं हुई तो वे लोग आंदोलन करेंगे और जरुरत पड़ेगी तो हत्याकांड के खिलाफ जमशेदपुर बंद भी किया जायेगा. (नीचे भी पढ़ें)
भाजपा नेता नीरज सिंह के डीडी बार में हुई घटना के बाद भाजपा नेता पर ही केस किये जाने की भी भाजपा नेता ने भ्रत्सना की. इन लोगों ने कहा कि यह तो अच्छी बात है कि कोई दुकान में घुसकर अपराधियों द्वारा अपराध कर दिया जाता है तो दुकानदार पर केस दायर किया जाता है. यह गलत है. इन लोगों ने मांग की है कि जमशेदपुर के वो पुलिसवाले, जिनकी सामने हत्या हुई है, उनके खिलाफ भी हत्या का मुकदमा दायर किया जाये, पुलिसवालों को जेल भेजा जाये, जिस तरह अपराधी जेल जायेंगे, क्योंकि जितने दोषी अपराधी है, उतने ही अपराध के दौरान मूकदर्शक बने पुलिसवाले भी अपराधी ही है. ऐसे पुलिसवालों को सीधे जेल भेजा जाना चाहिए. इसको लेकर आंदोलन को अब आर या पार की लड़ाई बनाने की घोषणा की गयी है.







