
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिरसानगर के अधिवक्ता हत्याकांड के मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी और भारतीय जनमोरचा आमने सामने है. भारतीय जनमोरचा के नेता रामनारायण शर्मा ने एक बार फिर से झारखंड विकास मोरचा से भाजपा में शामिल हुए अभय सिंह को करारा जवाब दिया है. रामनारायण शर्मा ने शुक्रवार को संवाददाता सम्मेलन में अभय सिंह पर ही हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया था और जमीन हड़पने के कई संगीन आरोप लगाये थे. इस पर अभय सिंह ने कहा था कि रामनारायण शर्मा माफी मांगे नहीं तो 10 करोड़ का मानहानी का दावा करेंगे. इस पर शनिवार को रामनारायण शर्मा ने फिर से पलटवार किया है. रामनारायण शर्मा ने कहा है कि अभय सिंह ने बोला कि 48 घंटा में माफी मांग ले नहीं तो मेरे ऊपर 10 करोड़ का मानहानि का मुकदमा दर्ज करेंगे. इस पर मेरा कहना है कि अभय सिंह आप 10 करोड़ का नहीं 50 करोड़ का मानहानि का दवा कर लें क्योंकि मैंने आपकी औकात 50 करोड़ का सोचा था. आप यह भी सोच लें कि आपके पुश्तैनी एवं वर्तमान 25 सालों के सारे काले कारनामों की सूची एवं गोरखधंधा को भारतीय जन मोर्चा परत दर परत खोलेगी और आपके ढोंगपन जल्द ही जनता के बीच नंगा हो जाएगा. आप लाश पर राजनीति करना बंद करें. आप और आपका परिवार कितने दूध के धुले हुए हैं यह आपको भी खुद पता है? रामनारायण शर्मा ने कहा कि प्रकाश यादव की हत्या पर पर्दे के पीछे से जो आपको राजनीति करवा रहे हैं (आपके आका) यह सारी बात जनता को मालूम है कि किसके इशारे पर आप इस तरह के बयानबाजी कर रहे हैं. पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के आप तोता बनकर जिस तरह से मिठू-मिठू कर रहे हैं, इसलिए क्योंकि आप अभी-अभी टटका भाजपा में जुड़े हैं, 15 साल के वनवास के बाद. रामनारायण शर्मा ने कहा कि जनता को मालूम हो गई है कि आप यदि ईमानदारीपूर्वक काम करते, तो शायद आज प्रकाश यादव की जान बच सकती थी. लेकिन आप तो लाश पर राजनीति कर रहे हैं. आपके सारे काले कारनामों के बारे में हमें जानकारी है. श्री शर्मा ने अभय सिंह से आग्रह किया है कि आप चुप रहें तो ज्यादा अच्छा रहेगा नहीं तो आपके सारे काले कारनामों को भारतीय जन मोर्चा जनता एवं शासन प्रशासन के सामने खोलकर रख देगी. आपकी सारे काली सूची भारतीय जनमोर्चा के पास आ चुकी है. माफी मैं नहीं आपको 24 घंटे के अंदर सार्वजनिक रूप से प्रकाश यादव के परिवारवालों के साथ-साथ जनता से मांगनी चाहिए शायद आपका पाप कुछ कम हो जाएगा.
मैनहर्ट घोटाले के डर से सरयू राय के खिलाफ साजिश रच रहे रघुवर
दूसरी ओर, भाजमो नेता और पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के संयोजक मुकुल मिश्रा और पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के संयोजक अजय सिन्हा ने संयुक्त प्रेस वक्तव्य जारी कर कहा है कि भारतीय जन मोर्चा के कार्यकर्ता विधायक सरयू राय द्वारा मेनहर्ट घोटाले पर लिखित तथ्यपूर्ण पुस्तक “लम्हों की ख़ता” जमशेदपुर के टोलों-मुहल्लो, हाट बाज़ार, गली-सड़क पर घूम-घूम कर बेचेंगे. इस पुस्तक का लोकार्पण 27 जुलाई 2020 की शाम को राँची में होगी. दोयम दर्जा के तथाकथित भाजपाई जानते हैं कि उनके आका रघुवर दास इस पुस्तक के खलनायक हैं और घोटाला के सरग़ना हैं. इसलिये वे बौखलाकर अनाप-शनाप हरकत कर रहे हैं. पुस्तक बाज़ार में आते ही इनके चेहरे पर कालिख पुत जायेगी. ये जवाब देने लायक़ नहीं रह जायेंगे, इसलिये ये लोग सरयू राय का पुतला जलाकर खीज निकाल रहे हैं और दबाव बना रहे हैं. भाजमो के कार्यकर्ता पुस्तक को जन-जन तक पहुँचाकर भ्रष्ट रघुवर दास की कलई खोलेंगे. सोशल मीडिया पर यह पुस्तक विगत एक सप्ताह से प्रसारित हो रही है. दोयम दर्जे के भाजपाई और उनके आका इसका जवाब नहीं दे रहे हैं. उन्हें अपने सामने जेल गेट दिखाई पड़ रहा है. विधायक सरयू राय ने यह पुस्तक लिखकर जमशेदपुर की जनता से चुनाव के समय किया गया अपना एक वादा पूरा किया है.






