जमशेदपुर : जमशेदपुर से सटे सरायकेला- खरसावां जिला के कपाली ओपी पुलिस ने बीते 15 अप्रैल को ताजनगर में हुए मोहम्मद हुसैन नामक युवक की हत्या मामले का 24 घंटे के भीतर हत्याकांड का खुलासा करते हुए तीन अपराधकार्मियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पुलिस की गिरफ्त में आए अपराधियों में हिस्ट्रीशीटर मोहम्मद सलाउद्दीन के अलावा मोहम्मद अब्दुल अंसारी उर्फ सोनू और मोहम्मद कलीम शामिल है. पुलिस ने कांड में प्रयुक्त पत्थर एवं ईट, अपराधियों के मोबाइल एवं मृतक का डिस्प्ले टूटा हुआ मोबाइल बरामद किया है. शुक्रवार को इसकी जानकारी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर एसडीपीओ अरविंद बिनहा ने दी. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने बताया कि कांड के उद्वेदन को लेकर एसपी के निर्देश पर एक टीम का गठन किया गया था. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी एवं मानवीय आसूचना के आधार पर तीनों को गिरफ्तार कर लिया है. तीनों ने कांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है. उन्होंने बताया कि पुराने रंजिश को लेकर मोहम्मद हुसैन की हत्या की गयी है. गिरफ्तार अभियुक्त मोहम्मद सलाउद्दीन का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है और वह कई मामलों में जेल जा चुका है.



