जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची शीतला मंदिर चौक के पास शुक्रवार तड़के एक सनकी सांढ़ के हमले में दो लोगों की जान चली गयी. इनमें एक साकची स्वर्णरेखा कॉलोनी निवासी राजकिशोर सिंह एवं दूसरे साकची के पेनार रोड निवासी व्यवसायी अशोक अग्रवाल शामिल थे. सांढ़ ने तड़के सवा तीन बजे के करीब पहले राजकिशोर सिंह पर उस समय हमला बोला, जब वे उधर से गुजर रहे थे. सांढ़ के हमले में उनकी घटना स्थल पर ही मौत हो गयी. इसके बाद उस ओर से दोबारा यातायात सामान्य हो गया था.
इसके बाद सुबह 5 बजे के करीब व्यवसायी अशोक अग्रवाल रोज की तरह पैदल ही मानगो पुल के पास से दूध लाने के लिए निकले थे. उस समय सड़क पर रोज की तरह यातायात चल रहा था.(नीचे भी पढ़े)
उनके साकची शीतला मंदिर के पास पहुंचने पर सांढ़ ने उन पर अचानक हमला बोल दिया, जिसके कारण वे जमीन पर गिर गये. इससे पहले कि वे संभल पाते सनकी सांढ़ ने उन पर लगातार कई बार जोरदार हमले किये और उन्हें सड़क पर इधर से उधर उछालता रहा. आस-पास से गुजरते वाहन चालक या कोई और उन्हें बचाने के लिए नहीं रुका. बाद में कहीं से सूचना मिलने पर साकची पुलिस वहां पहुंची, जिसने अशोक अग्रवाल को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.(नीचे भी पढ़े)
बताते चलें कि अशोक अग्रवाल विहिप नेता सुमन अग्रवाल एवं जिला मारवाड़ी सम्मलेन के पूर्व अध्यक्ष संतोष अग्रवाल व कमल अग्रवाल के भाई थे जिनकी साकची बाजार में दुकान है. अशोक अग्रवाल प्रतिदिन प्रातः शीतला मंदिर मार्ग से होकर ही दूध लाने के लिए मानगो पुल तक जाते थे एवं वापस आते थे. उनके इस तरह आकस्मिक निधन से परिजनों के साथ ही पूरे मारवाड़ी समाज में शोक की लहर छा गयी है. शुक्रवार को ही भुइयांडीह स्वर्णरेखा बर्निंग घाट पर अशोक अग्रवाल का अंतिम संस्कार भी कर दिया गया. मौके पर मंत्री बन्ना गुप्ता समेत काफी संख्या में समाज के लोग व उनके समर्थक मौजूद थे.



