जमशेदपुर : जमशेदपुर के बर्मामाइंस थानांतर्गत कैरेज कॉलोनी में रेलवे साइडिंग और एफसीआई के ठेकेदार अजय पांडेय उर्फ भोला पांडे को गोली मारे जाने के मामले में तीन लोगों का नाम सामने आ रहा है. अजय पांडेय को जांघ में गोली लगी है. (नीचे भी पढ़ें और वीडियो देखें)
फिलहाल पुलिस उनसे पूछताछ नहीं कर सकी है. इस कारण वह स्पष्ट रूप से कुछ नहीं बता पा रही है. लेकिन पुलिस ने अजय पांडेय के परिजनों के हवाले से बताया है कि घटना का कारण आपसी रंजिश या रेलवे साइडिंग में ठेके में वर्चस्व की लड़ाई हो सकती है. घटनास्थल से खोखा बरामद किया गया है. (नीचे भी पढ़ें और वीडियो देखें)
पुलिस ने अजय से पूछताछ की कोशिश की। लेकिन अभी वह कुछ बोल नहीं पा रहे हैं. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है. बताते हैं कि अजय पांडे उर्फ भोला पांडे अपने पार्टनर राजू को बाइक से छोड़कर वापस जा रहे थे. तभी बदमाशों ने उन पर गोली चलाई. प्रत्यक्षदर्शी राजू का कहना है कि गोली चलते ही उसने पीछे देखा तो तीन बदमाश अजीत गुप्ता, आयुष और पवन तमंचा लेकर दौड़ रहे थे. अजीत गुप्ता और पवन कैरेज कॉलोनी का रहने वाला है, जबकि आयुष कीताडीह का रहने वाला है. (नीचे भी पढ़ें और वीडियो देखें)
राजू ने बताया कि यह तीनों बदमाश रंगदारी वसूलते हैं. जिस ठेकेदार को कहीं काम मिलता है तो उससे कमीशन और रंगदारी की मांग करते हैं. हालांकि उसे यह नहीं मालूम कि इन बदमाशों ने अजय पांडे से रंगदारी मांगी थी या नहीं. राजू ने बताया कि वह यह नहीं देख पाया कि गोली किसने चलाई थी. उसने देखा तो तीनों बदमाश हाथ में तमंचा लेकर घटनास्थल से भाग रहे थे. एएसपी सुधांशु जैन ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है. तीनों बदमाश बाइक से आए थे. हालांकि अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है.




