जमशेदपुर : जमशेदपुर शहर के क्रिकेट प्रेमियों के लिए अच्छी खबरी है. जल्द ही कीनन स्टेडियम में फिर से इंटरनेशनल क्रिकेट की रौनक होगी. जनवरी-फरवरी 2026 में यहां फिर से इंटरनेशनल क्रिकेट का आयोजन होगा. बीसीसीआइ सूत्रों की मानें, तो सब कुछ ठीक रहा तो भारत का दौरा करने वाली विदेशी टीम के अभ्यास मैच, जो प्रेसिडेंट एकादश या इंडिया ए के बीच होगा, खेले जा सकते हैं. यहां महिला क्रिकेट के इंटरनेशनल मैच भी खेले जा सकते हैं. झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (जेएससीए) के सचिव सौरव तिवारी के नेतृत्व में जमशेदपुर में इंटरनेशनल क्रिकेट को वापस लाने के लिए कवायद शुरू हो गयी है. इसको लेकर शुक्रवार को बीसीसीआइ की टीम ने कीनन स्टेडियम का दौरा किया. (नीचे भी पढ़ें)
बीसीसीआइ क्रिकेट ऑपरेशन प्रमुख अमित सिदेश्वर ने टीम के साथ कीनन स्टेडियम के ड्रेसिंग रूम, ट्रेनिंग सेंटर, जिम की सुविधाएं, खिलाड़ियों और ऑफिशियल्स के ठहरने की व्यवस्था, मेन विकेट और आउट फील्ड का निरीक्षण किया. यहां की सुविधाओं से टीम खुश नजर आयी. हालांकि, ड्रेसिंग रूम में कुछ परिवर्जन के निर्देश दिये. सौरव तिवारी के नेतृत्व में टाटा स्टील और जेएससीए के बीच एमओयू भी हो सकता है. जिसके तहत पूरे स्टेडियम में कुछ आधुनिकीकरण के साथ बदलाव देखे जा सकते हैं. मौके पर झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के पूर्व सचिव राजेश वर्मा, डी उमा राव, पूर्व रणजी क्रिकेटर आशीश सिन्हा, काजल दास, जेएससीए के पूर्व कोषाध्यक्ष गोविंदो मुखर्जी व अन्य मौजूद रहे.














