
छत्तीसगढ़ पुलिस ने सोनारी से दहेज प्रताड़ना के दो आरोपियों को किया गिरफ्तार, सबूत न मिलने पर मजिस्ट्रेट ने छोड़ा
छत्तीसगढ़ पुलिस ने सोनारी थाना क्षेत्र में छापेमारी कर दहेज प्रताड़ना के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पकड़ाए गए आरोपियों में मनीष सोनी और इसका भाई अनीस सोनी शामिल है. इस मामले में छत्तीसगढ़ में मनीष की पत्नी चांदनी ने दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया था. शिकायत के बाद छत्तीसगढ़ पुलिस शहर पहुंची और छापेमारी कर दोनो आरोपियों को गिरफ्तार किया. एमजीएम में मेडिकल करवाने के बाद दोनो को मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत किया जहां मामले में सबूत न मिलने पर दोनो को छोड़ दिया गया.
सिदगोड़ा में नाबालिग का अपहरण करने वाला गिरफ्तार
सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बाबूडीह निवासी 17 वर्षीय एक नाबालिग के अपहरण के मामले में पुलिस ने आरोपी नीतीश कुमार सिंह को गिरफ्तार किया है. इस मामले में नाबालिग के परिजनों के बयान पर नीतीश के अलावा तीन और लोगों पर मामला दर्ज कराया गया था. बता दे कि 24 मई को नीतीश ने शादी को नियत से नाबालिग का अपहरण कर लिया था. 27 मई को सिदगोड़ा थाना में मामला दर्ज कराया गया था.पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
साकची सब्जी मंडी में चोरी करते तीन धराए
साकची सब्जी मंडी स्थित एक सब्जी वाले के गल्ले से रुपयों की चोरी करते तीन युवकों को पकड़ा गया. पकड़ाए गए युवकों में साकची निवासी आकाश राम, सीतारामडेरा निवासी राहुल पासवान और मानगो निवासी मो शाकिब शामिल है. स्थानीय लोगों ने तीनो को पकड़कर जमकर पिटाई की और पुलिस को सौंप दिया. मिली जानकारी के अनुसार तीनो सब्जी मंडी में थे. इसी दौरान दुकान में दुकानदार को ना पाकर उन्होंने गल्ले में रखे 11 हजार रूपए निकाल लिए.
उलीडीह में पति से झगड़े के बाद दो बच्चों के साथ घर से भागी महिला को पुलिस ने किया बरामद
उलीडीह थाना क्षेत्र के शंकोसाई रोड नंबर एक निवासी संजय प्रजापति की पत्नी रिंकी देवी पति के साथ झगड़े के बाद अपने दो बच्चों के साथ भाग गई थी. इस मामले में संजय ने उलीडीह थाना में सूचना दी. सूचना पाकर पुलिस ने छानबीन कर रिंकी देवी को बच्चों के साथ शंकोसाई रोड नंबर 5 से बरामद किया है. मिली जानकारी के अनुसार 29 मई को पति से झगड़े के बाद दो बच्चों के साथ भाग गई थी.




