
जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोविंदपुर स्थित स्टील स्ट्रिप्स कंपनी लिममिटेड में 60 ठेका मजदूरों को स्थायी कर दिया गया है. कोरोना काल में यह बेहतर समझौता हुआ है. सोमवार को स्टील स्ट्रिप्स कंपनी प्रबंधन और यूनियन के बीच हुई वार्ता के बाद 60 कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र कंपनी परिसर में ही सौंपा गया. 6 जुलाई 2018 को कंपनी और मान्यता प्राप्त यूनियन झारखंड जनशक्ति मजदूर यूनियन के बीच वेज रिवीजन समझौता हुआ था. समझौता के दौरान 60 ठेका मजदूरों को स्थायी करना तय किया गया था. इस समझौता के तहत स्थायी होने वाले कर्मचारी को एक साल के लिए प्रोबेशन पीरियेड में रहना था, लेकिन कंपनी की वित्तीय हालत ठीक नहीं होने के कारण उनकी बहाली नहीं हो पा रही थी. करीब तीन साल बीत चुके थे. इस मामले को लेकर यूनियन पर जब दबाव बढ़ाया गया तो यूनियन भी जागी और मैनेजमेंट के बीच फिर से वार्ता हुई, जिसके बाद 60 कर्मचारियों को नौकरी का ज्वाइनिंग लेटर मिल गया. सोमवार को ही सबको नियुक्ति पत्र भेज दिया गया है. झारखंड जनशक्ति मजदूर यूनियन के अध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे ने कहा कि आर्थिक मंदी के बाद कंपनी कोरोना संक्रमण से जूझ रही है. उत्पादन में गिरावट के बावजूद प्रबंधन ने यूनियन की मांग पर सकारात्मक पहल करते हुए 60 कर्मचारियों को स्थायी होने का नियुक्ति पत्र प्रदान किया. स्थायीकरण में विलंब होने के बावजूद कर्मचारियों ने धैर्य से मेहनत लगन के साथ काम किया. यूनियन कर्मचारियों के हित में आगे भी कार्य करते रहेगी.




