
जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित बारीगोड़ा में एक घर में हुए धमाके को लेकर रहस्य बरकरार है. इसको लेकर अब हाइलेबल जांच शुरू हो चुकी है. खुद सिटी एसपी सुभाष चंद्र जाट दल बल के साथ पहुंचे. वे बारीगोड़ा के उस मकान में भी गये, जहां ब्लास्ट हुआ था. यह कहा जा रहा था कि एसी फटा, लेकिन धमाके की आवाज और जो असर था, वह चौंकाने वाला था क्योंकि पूरी दीवार और छत तक ढह चुका है. ऐसे में यह संदेह जताया गया कि यह बम का धमाका था. बताया जाता है कि रविवार की सुबह करीब चार बजे बारीगोड़ा निवासी संजीत सिंह के मकान में अचानक से धमाका हुआ.

पहले तो यह कहा गया कि एसी (एयर कंडिशनर) फट गया है, लेकिन बाद में यह बातें सामने आयी कि संजीत सिंह का भगिना ब्रजेश सिंह ही बम मारने के बाद से फरार है. इस विस्फोट में संजीत सिंह, उनकी पत्नी खुशबू, पांच साल की ब ेटी आयुषी, दो साल का बेटा आयन और 26 साल की भगिनी विस्फोट में घायल हो गये, जिनका इलाज चल रहा है. यह विस्फोट एसी का था या बम का, यह पता लगाने की कोशिश खुद सिटी एसपी ने की, जिसके बाद यह तय हुआ कि इसकी जांच फोरेंसिक टीम करेगी. एफएसएल की टीम रांची से आकर फोरेंसिक जांच करेगी, जिससे यह पता लगाया जा सके कि यह विस्फोट बम का था या नहीं.

इस बीच आरोपी भगिना ब्रजेश सिंह को भी पुलिस ने पकड़ लिया है, जिससे पूछताछ कर रही है और उसको साथ लेकर उक्त घर पर गयी, जहां उससे पूछताछ की गयी. हालांकि, ब्रजेश सिंह ने कोई जानकारी सटीक नहीं दी है, जिस कारण इसकी जांच शुरू कर दी गयी है. बारीगोड़ा निवासी टाटा मोटर्सकर्मी के मकान में रविवाव को विस्फोट की घटना जमशेदपुर के लिए रहस्य बना हुआ है. इसकी जांच की जा रही है. घर जिस तरह से क्षतिग्रस्त हुआ है, उससे यह लग रहा है कि यह किसी बम धमाके कारण हुआ है क्योंकि एसी फेंकाया हुआ है और एसी जला नहीं है जबकि दीवार से लेकर छत तक उड़ गया है, जिससे संदेह उत्पन्न हो रहा है. सिटी एसपी सुभाष चंद्र जाट ने पूरे मामले के हर पहलुओं को खुद से देखा और कहा कि अभी इसकी जांच चल रही है, जब तक पूरी जांच नहीं हो जाती है, तब तक कुछ नहीं कहा जा सकता है.







