
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर पुलिस ने धातकीडीह में हुई फायरिंग मामले में नशेड़ी गैंग के सरगना सलमान को 48 घंटे के लिए पुलिस रिमांड पर लिया है. गुरुवार को पुलिस ने उसे एमजीएम अस्पताल में मेडिकल के बाद रिमांड पर लिया. बता दे कि 5 अक्टूबर 2020 को धातकीडीह में नशेड़ी गैंग के सरगना सलमान के अलावा उसके साथियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी, जिसमे मो मुस्तकीम और मो कयूम को गोली लगी थी. दोनों को इलाज के लिए टीएमएच में भर्ती कराया गया था. इलाज के बाद मो मुस्तकीम की घर पर मौत हो गई थी. इस मामले में 13 लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई थी.
प्राथमिकी अब्दुल वाहिद के बयान पर दर्ज हुई थी. इसमें अब्दुल सलमान, जीशान, रियाज उर्फ जीतू, अर्जुन यादव, मो. तौकीर उर्फ गोरा, सानू हुसैन, साजिद उर्फ सट्टा, नेयाज, सद्दाम, गोल्डन, जफर, शोएब और शिबू को आरोपी बनाया गया था. पुलिस सलमान से थाने में पूछताछ कर रही है. पुलिस को पूछताछ के बाद एमजीएम अस्पताल जब लाया गया तो उनके परिजन भी अस्पताल में जुट गये.
अस्पताल में पहुंचकर इन लोगों ने पुलिस पर ही आरोप लगाया कि पुलिस ने उसके साथ मारपीट की है. थर्ड डिग्री का इस्तेमाल कर उससे बेवजह कबूलनामा कराना चाहती है. सलमान ने बताया कि उसको अपराधी बनाने में पुलिस तुली हुई है. इस दौरान उसकी मां और उनके परिजनों ने तो पुलिसवालों को ही रोक दिया और धक्का देकर अपने गुस्से का इजहार किया. इस दौरान पुलिस के अधिकारी और पुलिसकर्मी भी चुप्पी साधे हुए थे. हालांकि, पुलिस की ओर से किसी तरह के थर्ड डिग्री का इस्तेमाल करने के आरोप को सिरे से खारिज कर दिया है.

















