जमशेदपुर : टाटा स्टील के टिनप्लेट डिवीजन के सीआरएम मैकेनिकल मेंटेनेंस विभाग में 34 वर्षों तक अपनी सेवाएँ देने वाले कर्मचारी कृष्णा कुमार का सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया. समारोह में विभागीय पदाधिकारियों, सम्मानित कर्मचारियों एवं सहकर्मियों ने उन्हें भावभीनी विदाई देते हुए उनके दीर्घ एवं समर्पित सेवाकाल के लिए आभार व्यक्त किया. कृष्णा कुमार ने अपने 34 वर्षों के सेवाकाल में कर्तव्यनिष्ठा, मेहनत, अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ अपनी सेवाएं दीं. मैकेनिकल मेंटेनेंस जैसे महत्वपूर्ण विभाग में लंबे समय तक कार्य करते हुए उन्होंने अपने अनुभव, कार्यकुशलता और समर्पण से विभाग में महत्वपूर्ण योगदान दिया. (नीचे भी पढ़ें)

समारोह में वक्ताओं ने कहा कि 34 वर्षों की सेवा केवल नौकरी का एक कालखंड नहीं, बल्कि मेहनत, निष्ठा, अनुभव और प्रतिबद्धता से भरी एक गौरवपूर्ण यात्रा है. कृष्णा कुमार ने अपने सरल एवं सहयोगात्मक व्यवहार से सहकर्मियों के बीच एक विशेष स्थान बनाया. विदाई समारोह के दौरान सहकर्मियों ने उनके साथ बिताए कार्यकाल के अनुभव साझा किए तथा उनके सरल स्वभाव, सहयोग की भावना एवं कार्य के प्रति समर्पण को याद किया. सभी ने कहा कि उनके अनुभव, मार्गदर्शन और सहयोग की कमी विभाग में निश्चित रूप से महसूस होगी. इस अवसर पर सीआरएम मैकेनिकल मेंटेनेंस विभाग के पदाधिकारी, सम्मानित कर्मचारी एवं टाटा टिनप्लेट वर्कर्स यूनियन के कमेटी मेंबर नवजोत सिंह सोहल सहित बड़ी संख्या में सहकर्मी उपस्थित रहे. (नीचे भी पढ़ें)
कार्यक्रम के अंत में सभी ने कृष्णा कुमार को उनके आगामी जीवन के लिए स्वस्थ, सुखी, शांतिपूर्ण एवं खुशहाल भविष्य की शुभकामनाएं दीं तथा कामना की कि वे अपने परिवार के साथ जीवन के इस नए अध्याय का भरपूर आनंद लें.




