जमशेदपुर : जमशेदपुर के डीसी ऑफिस (समाहरणालय सभागार) में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में जिला विकास, जिला योजना तथा जिला ग्रामीण विकास शाखा अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिले में संचालित विकास योजनाओं की प्रगति, आधारभूत संरचना निर्माण कार्य, आवास योजनाएं, मनरेगा कार्यों तथा विभिन्न निधियों से संचालित परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा कर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारियों को प्रखंड मुख्यालय में आवासित रहने, कार्य दिवसों में समय पर कार्यालय पहुंचने तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रखंड मुख्यालय से बाहर रहने अथवा जनसमस्याओं के समाधान में लापरवाही की शिकायत को गंभीरता से लिया जाएगा. क्षेत्र भ्रमण, योजनाओं के सतत अनुश्रवण एवं जनसंपर्क को प्रशासनिक कार्यसंस्कृति का अनिवार्य हिस्सा बताते हुए उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों को जवाबदेही के साथ कार्य करने का निर्देश दिया. लंबित आवास निर्माण कार्यों की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने प्लींथ लेवल एवं लिंटर स्तर तक के निर्माण कार्यों को मई माह के भीतर पूर्ण कराने का निर्देश दिया. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने कहा कि लाभुकों से नियमित समन्वय स्थापित कर निर्माण कार्यों में गति लाई जाए तथा तकनीकी एवं प्रशासनिक बाधाओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लंबित आवासों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराया जा सके. मनरेगा योजनाओं की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी बीपीओ को सख्त निर्देश दिया कि एक सप्ताह के भीतर प्रत्येक गांव में न्यूनतम पांच-पांच योजनाएं संचालित करना सुनिश्चित करें. उन्होंने मानव दिवस सृजन में अपेक्षित प्रगति लाने, ग्रामीण मजदूरों को अधिकाधिक रोजगार उपलब्ध कराने तथा आधारभूत संरचना निर्माण से जुड़े लंबित कार्यों को बरसात पूर्व हर हाल में पूर्ण करने का निर्देश दिया. जल संरक्षण, ग्रामीण संपर्क पथ, तालाब, सामुदायिक परिसंपत्तियों समेत अन्य योजनाओं को प्राथमिकता के साथ क्रियान्वित करने पर बल दिया गया. (नीचे भी पढ़ें)
बैठक में डीएमएफटी, अनाबद्ध निधि, नीति आयोग फंड, सांसद निधि एवं विधायक निधि से संचालित विकास एवं आधारभूत संरचना निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई. उपायुक्त ने सभी कार्यकारी एजेंसियों को योजनाओं की गुणवत्ता, समयबद्ध क्रियान्वयन एवं नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक ससमय पहुंचे इस दिशा में लक्षित होकर कार्य करें. बैठक में निदेशक एनईपी संतोष गर्ग, सभी बीडीओ, सीओ, बीपीओ एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी-कर्मी उपस्थित थे.







