
जमशेदपुर : झारखंड के होने वाले विधानसभा चुनाव में अगर कोई सबसे रोचक और सबसे गरमाहट वाली सीट है तो जमशेदपुर पूर्वी की सीट है. इस सीट पर मुख्यमंत्री रघुवर दास भाजपा के लगातार छठी बार प्रत्याशी बनाये गये है. पांच बार से विधायक यहां से रघुवर दास ही होते रहे है और रघुवर दास के पहले भी यह भाजपा की परंपरागत सीट मानी जाती रही है क्योंकि यहां से दीनानाथ पांडेय भाजपा के प्रत्याशी होते थे और लगातार उनकी भी जीत होती रहती थी. लेकिन इस बार भाजपा के ही बागी उम्मीदवार और निर्दलीय सरयू राय ने ताल ठोंक दी है और सारे समीकरण को उलट दिया है. सरयू राय और रघुवर दास के बीच सीधी टक्कर है जबकि झामुमो के साथ गठबंधन में कांग्रेस के प्रत्याशी गौरव वल्लभ और झारखंड विकास मोरचा के प्रत्याशी अभय सिंह भी चुनावी मैदान में है. झामुमो पिछली बार चुनाव अकेले लड़ी थी जबकि कांग्रेस भी अलग लड़ी थी, लेकिन इस बार दोनों साथ चुनाव लड़ रहे है. वही, झाविमो के अभय सिंह तीसरे स्थान पर थे और पिछली बार की तरह इस बार भी चुनाव लड़ रहे है. कांग्रेस के प्रत्याशी आनंद बिहारी दुबे थे. 2014 के विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री रघुवर दास ने अपने निकटतम प्रत्याशी कांग्रेस के आनंद बिहारी दुबे को 70157 मतों से पराजित किया था, जो 41.70 फीसदी कुल मत का था. कुल मतदान 1,68,237 था और 1 लाख 3 हजार 427 मत रघुवर दास को अकेले मिला था और बाकि करीब 67 हजार मत में सारे प्रत्याशियों को बंटा था. ऐसे में सरयू राय क्या इतने बड़े अंतर को पाट पायेंगे और आगे निकल पायेंगे, इसको लेकर संशय है. लेकिन ताजा माहौल से यह तय है कि जमशेदपुर पूर्वी में टक्कर रघुवर दास और सरयू राय के बीच ही है और दोनों के बीच ही कोई एक जीतने वाला है. वैसे अभी रिजल्ट आना बाकि है.
2014 में हुए विधानसभा चुनाव के रिजल्ट एक नजर में :
पार्टी का नाम-प्रत्याशी का नाम-कुल मत मिले-वोट का प्रतिशत
भाजपा——–रघुवर दास—–1,03,427—61.48 फीसदी
कांग्रेस——-आनंद बिहारी दुबे-33270——19.78 फीसदी
झाविमो——अभय सिंह——-20815——-12.37 फीसदी
झामुमो—-कंवलजीत कौर गिल-3987———2.37 फीसदी
निर्दलीय—–मंजीत सिंह——-881———0.52 फीसदी
नोटा——–इनमें से कोई नहीं—1,674——-1.00 फीसदी







