
Bahragoda : बहरागोड़ा प्रखंड के मानुषमुरिया से दारीशोल जाने वाली सड़क जर्जर हो चुकी है. सड़क पर गड्ढे उभर आये हैं, सड़क पर पत्थर बिखरा हुआ है. सड़क पर ग्रामीणों को पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है. ग्रामीणों ने बताया कि वर्षों पूर्व उक्त सड़क का निर्माण कराया गया था, परंतु सड़क अब पैदल चलने लायक भी नहीं है. सड़क निर्माण कराने की मांग वे सभी कई बार क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों से मिल कर कर चुके हैं, परंतु अब तक सड़क निर्माण कराने की दिशा में किसी ने भी पहल नहीं की है. ग्रामीणों ने कहा कि यह सड़क क्षेत्र के लोगों के लिए लाइफ लाइन है. सड़क पर पत्थर उभर आने से सड़क पर दो पहिया वाहन से आने जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. सड़क जर्जर होने के कारण आये दिन सड़क पर दुर्घटना होती रहती है. सड़क खराब होने के कारण मानुषमुरिया के ग्रामीणों और किसानों को अगर दारीशोल जाना होता है तो वे बहरागोड़ा होकर 10-12 किमी घूमकर दारीशोल जाते हैं. सड़क निर्माण नहीं होने से लोगों में विभागीय पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि के प्रति रोष व्याप्त है.







