जमशेदपुर : जमशेदजी नसरवानजी टाटा की जयंती के पावन अवसर पर हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी इया फाउंडेशन द्वारा जमशेदपुर ब्लड बैंक (टाटा मेन हॉस्पिटल के समीप) में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम प्रतिवर्ष उनके जन्मदिवस पर आयोजित किया जाता है, ताकि उनके सेवा, समर्पण और राष्ट्रनिर्माण के आदर्शों को आगे बढ़ाया जा सके. इस वर्ष आयोजित शिविर में कुल 52 यूनिट रक्तदान किया गया. इस पुनीत कार्य में इया फाउंडेशन के 52 सदस्यों एवं टाटा स्टील के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वैच्छिक रक्तदान किया. (नीचे भी पढ़े)
सभी ने मिलकर जमशेदजी नुस्सरवानजी टाटा जी को श्रद्धांजलि अर्पित की और समाज सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई. इया फाउंडेशन पूर्णतः टाटा स्टील के कर्मचारियों द्वारा संचालित एक सामाजिक संस्था है, जो अपने कार्यों के माध्यम से समाज के जरूरतमंद वर्गों की निरंतर सेवा करती आ रही है. संस्था के संस्थापक दीपक मिश्रा स्वयं टाटा स्टील के इक्वीपमेंट मेंटेनेंस एंड सर्विसेज विभाग में कार्यरत हैं और उनके नेतृत्व में फाउंडेशन समय-समय पर रक्तदान शिविर, खाद्य वितरण एवं अन्य सामाजिक कार्यक्रमों का सफल आयोजन करता है. कार्यक्रम का शुभारंभ टाटा स्टील यूटिलिटीज यूनियन के अध्यक्ष रघुनाथ पांडेय द्वारा किया गया. (नीचे भी पढ़े)
उन्होंने रक्तदान को महादान बताते हुए इसे मानवता की सच्ची सेवा बताया. इया फाउंडेशन के संस्थापक दीपक मिश्रा ने अपने प्रेरणादायी संदेश में कहा कि रक्तदान के माध्यम से किसी जरूरतमंद को जीवनदान देना ही जमशेदजी टाटा जी को सच्ची श्रद्धांजलि है. उन्होंने सभी सदस्यों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्य निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया.


















