
जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को में एक वित्तीय कंपनी द्वारा लाभांश देने के नाम पर दो करोड़ की ठगी करने का मामला प्रकाश में आया है. इस मामले में शनिवार को ठगी के शिकार हुए लोग टेल्को थाने में शिकायत करने पहुंचे. शिकायतकर्ताओं का कहना है की कंपनी ने मूलधन पर प्रतिदिन दो प्रतिशत लाभांश देने का वादा किया था. इस धोखे में आकर सभी ने कंपनी में ऑनलाइन रुपए जमा करवाए. अब जब लोगों ने लाभांश की मांग की तो कंपनी ने उन्हे लाभांश देने से इंकार कर दिया. इसके बाद शिकायतकर्ताओं ने वित्तीय कंपनी फोरेक्स हब के मुख्य प्रबंधक गौतम भारती और प्रबंधक मानसी चावला की खिलाफ लिखित शिकायत कर दी. कुल 14 लोगों से लगभग दो करोड़ रुपए ठगे गए है. ठगी का शिकार हुए लोगों में राकेश कुमार, दिलीप कुमार, रवीन्द्र नाथ गोराई, आनंद विश्वास, अर्जुन मार्डी, के कुमार, संतोष कुमार, सरोज कुमार महतो, ऋषिकेश कुमार, श्रीकांत गुप्ता, सूरज महतो, गणेश दास, राकेश कुमार शर्मा और वंदना कुमारी शामिल है.





