मशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के गोलपहाड़ी नया बस्ती में गुरुवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आयी, जब एक नशेड़ी युवक की हरकत से पूरी बस्ती खतरे में पड़ गयी. पारिवारिक विवाद के बाद राजा प्रसाद नामक युवक ने अपने ही घर में आग लगा दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गयी. हालांकि स्थानीय लोगों और झारखंड अग्निशमन विभाग की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया.
जानकारी के अनुसार, राजा प्रसाद पिछले तीन दिनों से नशे की हालत में घर में विवाद कर रहा था. गुरुवार सुबह करीब 11:30 बजे उसने अपनी मां पुतुल देवी, पत्नी और तीन बच्चों के साथ मारपीट की और उन्हें जबरन घर से बाहर निकाल दिया. इसके बाद उसने घर के अंदर आग लगा दी और मौके से फरार हो गया. (नीचे भी पढ़ें)
देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया और सामान जलकर खाक हो गया. घनी आबादी होने के कारण आग फैलने का खतरा काफी बढ़ गया था. स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए तुरंत कार्रवाई की. बस्ती के युवाओं ने पाइप के जरिए आग बुझाने की कोशिश शुरू की, वहीं लोगों ने अपने-अपने घरों से गैस सिलेंडर बाहर निकाल लिए. साथ ही राजा के घर में मौजूद सिलेंडर को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे संभावित विस्फोट टल गया. सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाया. घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है. फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है.














