
जमशेदपुर : भारतीय व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष पवन कुमार अग्रहरि ने गुरविंदर सिंह सेठी का साकची स्थित कार्यालय में अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया. श्री सेठी ने उन्हें भारतीय रेलवे में यात्री सेवा समिति रेलवे बोर्ड के सदस्य के रूप में मनोनीत करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा एवं प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश को अपनी ओर से धन्यवाद दिया. श्री सेठी ने भारतीय व्यापार मंडल के कार्यकलापों के विषय में भी चर्चा की और उन्होंने कहा कि भारतीय व्यापार मंडल जिस तरह से छोटे एवं बड़े व्यापारियों को एक प्लेटफार्म देने का कार्य कर रहा है मैं अपनी ओर से संगठन के सभी पदाधिकारियों को साधुवाद एवं धन्यवाद देता हूं. उन्होंने आशा जतायी कि यह संगठन व्यापारियों के हित में एवं उनकी समस्याओं को राज्य एवं केंद्र सरकार के सामने रखने का प्रयास करेगा और राज्य एवं केंद्र सरकार इनकी समस्याओं को निश्चित रूप से निदान करने का प्रयास करेगी. कार्यक्रम में भारतीय व्यापार मंडल की सुनीता जायसवाल महिला प्रदेश अध्यक्ष, चंचल भाटिया प्रदेश उपाध्यक्ष, मोहित शाह प्रदेश महामंत्री, मनोज शर्मा संगठन मंत्री, दीपक कुमार अग्रहरि संगठन मंत्री, जिला अध्यक्ष मनोज खत्री, रितेश अग्रवाल, सुनील दत्ता, रिंकू, ओम अग्रहरि, विवेक चौधरी समेत अन्य लोग उपस्थित थे.



