जमशेदपुर : जुगसलाई के नदी किनारे बसी गरीबनवाज कॉलोनी में शुक्रवार की रात वर्चस्व की लड़ाई में हुई फायरिंग का सीसीटीवी में कैद विडियो फुटेज सामने आया है, जिसमें दोनों गुटों की ओर से हुई फायरिंग की घटना कैद हुई है. विडियो में स्पष्ट दिख रहा है कि दोनों गुटों की ओर से कैसे फिल्मी अंदाज में गोलियां चल रही हैं. जांच के क्रम में सामने आ रही जानकारियों के अनुसार यह झड़प महज दो सौ रुपयों के लेन-देन को लेकर हुई है, जिसमें पूरे फिल्मी अंदाज में दोनों ओर से गोलियां चली हैं. (नीचे भी पढ़ें)
बता दें कि हाल के दिनों में जमशेदपुर में अपराधी बेलगाम हो चले हैं. ताजा मामला जुगसलाई थानांतर्गत खरकई नदी किनारे बसी गरीब नवाज कॉलोनी में शुक्रवार की रात सामने आया, जहां वर्चस्व की लड़ाई में मात्र 200 रुपये के लिए दो गुटों में जमकर फायरिंग हुई. फायरिंग भी पूरे फिल्मी अंदाज में हुई. घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. तस्वीरों को देखकर ऐसा लग रहा है कि यह झारखंड की आर्थिक राजधानी नहीं, बल्कि चंबल घाटी है, जहां वर्चस्व की लड़ाई को लेकर दो गुट आमने-सामने हैं. वैसे सूत्रों की मानें तो उक्त वारदात में एक अपराधी घायल हुआ है जो कहीं गुप्त रूप से अपना इलाज करा रहा है. सूचना के अनुसार अपराधी फायरिंग करने के बाद खरकई नदी पार कर आदित्यपुर की ओर फरार हो गए. (नीचे भी पढ़ें)
सूत्रों की मानें तो यह संघर्ष अवैध धंधे में वर्चस्व को लेकर घटी है. बता दें कि आदित्यपुर में अवैध कारोबारियों पर सख्ती बढ़ने के बाद कारोबारी अब जुगसलाई की गरीब नवाज बस्ती को अपना नया ठिकाना बना रहे हैं, जहां पहले से जमे कारोबारियों को उनकी मौजूदगी नागवार गुजर रही है. इसी को लेकर फायरिंग की यह घटना घटी है. इस संबंध में जुगसलाई थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच चल रही है. अपराधी जल्द सलाखों के पीछे होंगे.




