जमशेदपुर : ईद-उल-अज़हा के मुबारक मौके को देखते हुए जमशेदपुर के जुगसलाई नगर परिषद की अध्यक्ष नौशीन खान ने जुगसलाई ईदगाह मैदान का निरीक्षण किया तथा ईद की नमाज़ के लिए की जा रही तैयारियों की समीक्षा की. ईदगाह की जर्जर एवं खराब स्थिति को ध्यान में रखते हुए मैदान की मरम्मत, रंग-रोगन, साफ-सफाई तथा समुचित प्रकाश व्यवस्था के कार्य कराए जा रहे हैं, ताकि नमाज़ अदा करने आने वाले अक़ीदत मंदों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े. निरीक्षण के दौरान नौशीन खान ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिया कि ईदगाह में आने वाले हजारों नमाज़ियों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं. (नीचे भी पढ़े)
उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों का रख-रखाव तथा नागरिक सुविधाओं की उपलब्धता नगर परिषद की प्राथमिक जिम्मेदारियों में शामिल है. उन्होंने कहा कि ईद-उल-अज़हा त्याग, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का संदेश देने वाला पर्व है इसलिए प्रशासन का प्रयास है कि ईदगाह में स्वच्छ, सुरक्षित और सुखद वातावरण सुनिश्चित किया जाए, जिससे लोग शांतिपूर्ण ढंग से अपनी धार्मिक रस्में अदा कर सकें. उल्लेखनीय है कि हाल ही में ईदगाह की नई प्रबंधन समिति का गठन किया गया है. ईदगाह परिसर की साफ-सफाई और सजावट के कार्यों में समिति के सभी सदस्य सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं. (नीचे भी पढ़े)
नगर परिषद की ओर से अध्यक्ष नौशीन खान ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि ईदगाह परिसर में व्यापक सफाई अभियान चलाया जाए, आवश्यक स्थानों पर रंग-रोगन कराया जाए तथा नई प्रकाश व्यवस्था स्थापित की जाए. इन निर्देशों के अनुरूप कार्य तेजी से प्रगति पर है. स्थानीय निवासियों ने भी ईदगाह की मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण के कार्यों का स्वागत करते हुए नगर परिषद के प्रति आभार व्यक्त किया. लोगों ने आशा जताई कि इन व्यवस्थाओं से ईद की नमाज़ गरिमापूर्ण एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न होगी तथा ईदगाह की सुंदरता में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी.

















